

डीडवाना-कुचामन । जिला कलक्टर श्री अवधेश मीणा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिला कलक्टर श्री मीणा ने उपखंडवार राजस्व प्रकरणों व राजस्व कार्यों के निस्तारण की प्रगति, लंबित प्रकरणों स्थिति,बजट घोषणाओं एवं अन्य कार्यों के भूमि आवंटन,संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों, राजस्व न्यायालय प्रकरणों सहित विभिन्न राजस्व कार्यों की विस्तार से समीक्षा की ।
बैठक में उन्होंने एल आर एक्ट के तहत अतिक्रमण के प्रकरण, भूमि अवाप्ति कार्य, सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण के प्रकरण, फार्मर रजिस्ट्री, बकाया सीमा ज्ञान व नामांतरण, लंबित जांच, राजस्व न्यायालयों से संबंधित प्रकरणों सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा कर राजस्व अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने सीमाज्ञान व नामांतरण के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने, राजस्व न्यायालयों के पुराने लंबित प्रकरणों का निस्तारण करने, भूमिहीन अतिक्रमियों के प्रकरणों में पुनर्वास की वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर समाप्त किया जाए।
उन्होंने बकाया प्रकरणों के विवरण की उपखण्ड स्तर पर समीक्षा करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि नोटिस जारी करने, तामील रिपोर्ट तथा प्रकरणों की प्रगति का रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से संधारित किया जाए तथा सभी एसडीएम नियमित रूप से समीक्षा सुनिश्चित करें।
बैठक में रास्ता प्रकरणों के निस्तारण एवं राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सार्वजनिक उपयोग की भूमि एवं आवंटन से जुड़े प्रकरणों की जांच कर शीघ्र कार्रवाई की जाए।
उन्होंने संपर्क पोर्टल से प्राप्त शिकायतों की गुणवत्ता जांच कर समयबद्ध निस्तारण करने तथा रिपोर्ट ऑनलाइन अपडेट करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बजट घोषणाओं एवं अन्य कार्यों से जुड़े भूमि आवंटन प्रकरणों की प्रगति की जानकारी ली तथा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर विकास मोहन भाटी, एसडीएम लाडनूं मीनू वर्मा, एसडीएम कुचामन विश्वामित्र मीणा, एसडीएम नावां दिव्या सोनी, एसडीएम मकराना अंशुल सिंह, एसडीएम परबतसर कुसुमलता चौहान सहित सभी तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।






