
सिद्धार्थनगर जिले के पथरा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में एक महिला और पांच माह के मासूम की मौत हो गई। बांसी-डुमरियागंज मार्ग पर झहरांव पुलिया के पास तेज आंधी के कारण एक अनियंत्रित बोलेरो नहर में गिर गई। इस दुर्घटना में सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, बोलेरो (UP58AD0325) में सवार सभी लोग संतकबीरनगर जिले के धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के अमरहा गांव के निवासी थे। वे शनिवार रात डुमरियागंज क्षेत्र के बरई बनगवा गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। झहरांव पुलिया के पास तेज आंधी और खराब मौसम के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे बोलेरो नहर में जा गिरी।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन तेज आवाज के साथ नहर में गिरा। स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से घायलों को नहर से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान 34 वर्षीय सोनी और पांच माह के प्रियांशु की मौत हो गई। कलवंत, वीरू, सलीम, झनकी, सुनीता, महिमा सहित अन्य घायलों का इलाज जारी है। डॉक्टरों ने बताया कि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में तेजी लाई। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।






