A2Z सभी खबर सभी जिले की

पत्रकार को धमकी देने वाला दबंग पुलिस के निशाने पर,थाना कौड़िया में मुकदमा दर्ज

पत्रकार को धमकी देने वाला दबंग पुलिस के निशाने पर,थाना कौड़िया में मुकदमा दर्ज

 

कर्नलगंज,गोंडा। तहसील क्षेत्र के अन्तर्गत एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र से जुड़े पत्रकार को धमकी देने के मामले में थाना कौड़िया बाजार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ असंज्ञेय अपराध का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला पत्रकार बैजनाथ अवस्थी द्वारा एक समाचार प्रकाशित करने के बाद उत्पन्न हुआ,जिसमें तहसील करनैलगंज के नजारत कार्यालय की अव्यवस्थाओं को उजागर किया गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पत्रकार बैजनाथ अवस्थी, जो एक दैनिक समाचार पत्र के संवाददाता हैं, उन्होंने 19 जून 2025 को “तहसील करनैलगंज का नजारत कार्यालय बना आरामगाह” शीर्षक से एक समाचार प्रकाशित किया था। इस खबर से नाराज होकर ग्राम कोटिया मदारा के निवासी प्रकाश वीर सिंह पुत्र जीतबहादुर सिंह ने 21 जून 2025 की सुबह 9:16 बजे, ग्राम सभा कोटिया मदारा के नाम से बना सोशल मीडिया व्हाट्सऐप ग्रुप पर पत्रकार को लेकर अभद्र, अपमानजनक और धमकी भरे संदेश साझा किए थे।पत्रकार के अनुसार यह आपत्तिजनक संदेश ग्राम सभा के दो व्हाट्सऐप ग्रुपों पर भेजे गए थे, जिन्हें कुल 205 लोगों ने देखा था। इससे पत्रकार की सामाजिक छवि को ठेस पहुंची और उन्हें मानसिक पीड़ा का सामना करना पड़ा। साथ ही, उन्होंने बताया कि आरोपी प्रकाश वीर सिंह एक दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिसके विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मामले थाना कौड़िया व कोतवाली करनैलगंज में दर्ज हैं। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कौड़िया पुलिस द्वारा प्रकाश वीर के खिलाफ असंज्ञेय अपराध का मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक कौड़िया अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि पत्रकार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं पत्रकार संगठनों ने इस घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी पत्रकार को धमकी देने की घटना पर नाराजगी जताई है और स्वतंत्र पत्रकारिता की सुरक्षा पर भी सवाल उठाए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!