
बैरिया।जयप्रकाश नगर के दलजीत टोला गांव में नवनिर्मित हनुमानजी के मंदिर में आयोजित हनुमंत प्राण प्रतिष्ठा व हनुमंत महोत्सव शुक्रवार को अखण्ड हरिकीर्तन के साथ ही भक्तिमय माहौल में संपन्न हो गया।महोत्सव के समापन पूर्व मंदिर में विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा, हवन एवं महायज्ञ का आयोजन किया गया। अनुष्ठान के बाद आयोजित विशाल भंडारे में काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंच कर प्रसाद ग्रहण किया।कार्यक्रम के आयोजक रामबाबू यादव राम ने भक्तों की लंबी कतार में प्रसाद वितरण का कार्य संभाला।उन्होंने सुनिश्चित किया कि सभी श्रद्धालु शांतिपूर्वक प्रसाद ग्रहण कर सकें। व्यस्था इतनी सुव्यवस्थित रही कि हर आगन्तुक ने संतोष और श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण किया।महोत्सव के अंतिम दिन शुक्रवार को भव्य सांस्कृतिक एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया. इसमें बाहर से आये कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत कर उपस्थित श्रोताओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।नव निर्मित हनुमानजी के मंदिर का आकर्षक गुंबद और उसकी सुसज्जित संरचना इलाके में आस्था का मुख्य केंद्र बनी हुई है।क्षेत्र में श्रद्धा भक्ति व उल्लास का माहौल बना हुआ है।समिति के लोगों ने बताया कि मंदिर निर्माण व प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के सफल आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक आस्था व सामाजिक एकता को नई ऊर्जा मिली है। आयोजन को सफल बनाने में राम नंद जी यादव रामबली यादव अरुण सिंह सहित सैकड़ों लोग लगे रहे।








