A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेउत्तर प्रदेशबदायूँ

बगरैन में साकार होगा भव्य रामलीला ग्राउंड का सपना बाउंड्री वॉल और सौंदर्यीकरण का हुआ भूमि पूजन

 

बगरैन में साकार होगा भव्य रामलीला ग्राउंड का सपना बाउंड्री वॉल और सौंदर्यीकरण का हुआ भूमि पूजन

बगरैन :- कस्बा बगरैन के धार्मिक और सांस्कृतिक इतिहास में आज गुरूवार का दिन स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया। लंबे समय से उपेक्षित पड़े रामलीला ग्राउंड के कायाकल्प की शुरुआत भव्य पूजन के साथ हुई। ग्राम प्रधान और ग्रामवासियों ने संयुक्त रूप से विधि विधान के साथ पूजन कर ग्राउंड की बाउंड्री वॉल एवं सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ किया। बगरैन की रामलीला कमेटी और क्षेत्रीय नागरिक वर्षों से इस मैदान के संरक्षण और सुंदरीकरण की मांग कर रहे थे। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र देव शर्मा के नेतृत्व में कमेटी के पदाधिकारियों ने इसके लिए निरंतर प्रयास किए। भूमि पूजन के अवसर पर खुशी व्यक्त करते हुए अध्यक्ष देवेंद्र देव शर्मा ने कहा कि यह केवल एक निमार्ण कार्य नहीं है, बल्कि कस्बे की आस्था और गौरव को सहेजने का एक बड़ा कदम है। बाउंड्री वॉल बन जाने से यह पवित्र स्थान अतिक्रमण से मुक्त होगा और सौंदर्यीकरण से इसकी भव्यता बढ़ेगी।
इस एतिहासिक कार्य को अमलीजामा पहनाने में ग्राम प्रधान पति गुलाब नबी की भूमिका सबसे अहम रही। उन्होंने अपने वर्तमान कार्यकाल के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक और सामाजिक कार्यों में से एक के रूप में रामलीला ग्राउंड के विकास का संकल्प लिया है।प्रधान पति गुलाब नबी ने इस अवसर पर कहा कि रामलीला ग्राउंड कस्बे की सांस्कृतिक धरोहर है, इसका संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है। बाउंड्री वॉल और सौंदर्यीकरण का कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ कराया जाएगा ताकि भविष्य में यहां होने वाले धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। भूमि पूजन के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे, जिन्होंने इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना की। ग्रामीणों का मानना है कि इस कार्य से न केवल रामलीला का मंचन सुव्यवस्थित होगा बल्कि कस्बे को एक सुंदर सार्वजनिक स्थल भी मिल सकेगा। इस अवसर पर ग्राम प्रधान पति गुलाब नबी, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र देव शर्मा, उपाध्यक्ष प्रिंस देव शर्मा, गजेन्द्र कश्यप, सुनील वर्मा,शिव शक्ति शर्मा,देवपाल भारती, विपिन कुमार सक्सेना,भगवन पाल, चेतराम पाल आदि समस्त पदाधिकारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!