
धनबाद : धनबाद के बाघमारा स्थित बाघमारा कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में एक मासूम की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। प्रसव के दौरान नवजात बच्ची की मौत के बाद अस्पताल परिसर में आक्रोश फूट पड़ा। निश्चितपुर पंचायत के खोनाठी गांव निवासी ठाकुर महतो उर्फ लखन की पत्नी सरस्वती देवी पहली बार मां बनने वाली थीं। घर में जश्न की तैयारी थी, लेकिन अस्पताल से आई खबर ने सब कुछ बदल दिया। इल्जाम है कि समय पर ऑक्सीजन नहीं मिलने की वजह से एक नन्हीं की जान चली गई। इधर, नवजात की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण भड़क उठे। अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुये जोरदार हंगामा हुआ। कुछ लोगों का कहना था कि अगर ऑक्सीजन समय पर मिल जाती, तो बच्ची बच सकती थी। वहीं, इस अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. श्रीनाथ ने आरोपों को खारिज किया। उन्होंने मीडिया को बताया कि नॉर्मल डिलीवरी कराई गई, टीम ने पूरी कोशिश की। किसी तरह की लापरवाही नहीं हुई। लेकिन परिजन इस जवाब से संतुष्ट नहीं थे। माहौल को बिगड़ता देख मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों को शांत कराया। फिलहाल माहौल नियंत्रण में है, लेकिन तनाव बरकरार है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।


