

बीएसएनएल केबल बिछाने में लापरवाही, बिना अनुमति सड़क के भीतर किया जा रहा कार्य
सरदारपुर। धार जिले के बरमंडल से खुटपला के बीच भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की ओएफसी केबल बिछाने का कार्य चल रहा है। इस दौरान केबल डालने के लिए सड़क की खुदाई का कार्य लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की बिना अनुमति ठेकेदार द्वारा गंभीर लापरवाही के साथ किया जा रहा है।ग्रामीण क्षेत्रों में हाईस्पीड इंटरनेट उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डाली जा रही इस केबल को सड़क के किनारे साइड पट्टी में खोदकर भीतर ही बिछाया जा रहा है। इससे भविष्य में किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी आने पर सड़क को दोबारा खोदना पड़ सकता है।उल्लेखनीय है कि इस मार्ग का जल्द ही नवीनीकरण और नव-निर्माण प्रस्तावित है। ऐसे में 11 मीटर परिधि के भीतर इस प्रकार का कार्य किए जाने पर सवाल खड़े हो रहे हैं।इस संबंध में लोक निर्माण विभाग, सरदारपुर के एसडीओ लक्ष्मीनारायण राठौड़ ने स्पष्ट किया कि इस तरह के कार्य के लिए विभाग से पूर्व अनुमति आवश्यक होती है, जबकि ठेकेदार या निर्माण एजेंसी द्वारा कोई अनुमति नहीं ली गई है।वहीं बीएसएनएल के अधिकारी नामदेव ने इस कार्य को अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बताया।कभी ग्रामीण संचार का मजबूत आधार रहा बीएसएनएल आज अव्यवस्थाओं के कारण पिछड़ता नजर आ रहा है। इसके चलते निजी कंपनियों का वर्चस्व बढ़ता जा रहा है और उपभोक्ताओं पर मनमाने शुल्क का बोझ पड़ रहा है।








