
*बेकाबू बस बाइक मिस्त्री की दुकान में घुसी, तीन गंभीर
बांदा। महोबा से सवारियां लेकर बांदा आ रही राठ डिपो की बस मटौंध थाना क्षेत्र के ग्योरा मुगली गांव के पास बेकाबू हो गई। बस सड़क किनारे बने यात्री प्रतीक्षालय को तोड़ती हुई बाइक मिस्त्री की दुकान में घुस गई। हादसे में दो मिस्त्री समेत तीन घायल हो गए। मटौंध थाना क्षेत्र के ग्योरा मुगली चौराहे पर गांव के फरदीन (17) व महताब (17) की बाइक रिपेयरिंग की दुकान है। बुधवार को दोपहर 12 बजे महोबा से सवारियां लेकर आई राठ डिपो की बस सामने से आई बाइक को बचाने में अनियंत्रित होकर चौराहे में बने यात्री प्रतीक्षालय को तोड़ते हुए बगल से बनी बाइक रिपेयरिंग की दुकान को क्षतिग्रस्त कर दिया।
हादसे में यात्री प्रतीक्षालय में बैठे हापुड़ जिले के शेरपुर गांव निवासी साहिल फुरकान (30) व फरदीन और महताब गंभीर घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बांदा रोडवेज एआरएम मुकेश बाबू गुप्ता ने बताया कि सवारियों को दूसरी बस से रवाना किया गया है। मटौंध थानाध्यक्ष संदीप पटेल ने बताया कि हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं।
