
विजय कुमार बंसल हरिद्वार ब्यूरो
श्री अवधूत गणेश हरि आश्रम में
परम पूज्य संत निहाल सिंह जी महाराज की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं भक्ति भाव से संपन्न
हरिद्वार के निर्मला छावनी स्थित प्रसिद्ध श्री अवधूत गणेश हरि आश्रम में परम पूज्य, प्रातः स्मरणीय संत निहाल सिंह जी महाराज की पावन पुण्यतिथि आश्रम के श्रीमहंत हरिचरण दास जी महाराज के पावन सानिध्य में बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर आश्रम में भजन-कीर्तन, सत्संग एवं संत समागम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं संत महापुरुषों ने भाग लेकर गुरुदेव को श्रद्धासुमन अर्पित किए।इस अवसर पर अपने प्रेरणादायी विचार व्यक्त करते हुए श्रीमहंत हरिचरण दास जी महाराज ने कहा कि गुरुदेव केवल एक शरीर नहीं होते, बल्कि वे दिव्य चेतना के स्वरूप होते हैं, जो इस पृथ्वी लोक पर अपने पावन वचनों और दिव्य शिक्षाओं से भक्तों को कल्याण का मार्ग दिखाने हेतु अवतरित होते हैं। उन्होंने कहा कि सद्गुरु ही जीवन रूपी अंधकार में प्रकाश के दीपक हैं, जिनकी कृपा से मनुष्य भवसागर से पार हो सकता है।
उन्होंने अपने पावन वचनों में कहा— “सतगुरु चरण हरि हैं, सतगुरु ही मेरे राम हैं, सतगुरु ही कृपा और आनंद के साक्षात स्वरूप हैं। जिनके चरणों में समर्पण करने से जीवन सफल हो जाता है और आत्मा को परम शांति की प्राप्ति होती है।”श्रीमहंत जी ने आगे कहा कि संत निहाल सिंह जी महाराज का संपूर्ण जीवन सेवा, साधना, त्याग और मानव कल्याण को समर्पित रहा। उनके द्वारा दिखाया गया सत्य, प्रेम और भक्ति का मार्ग आज भी असंख्य भक्तों के जीवन को दिशा प्रदान कर रहा है। कार्यक्रम के अंत में भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर गुरुकृपा प्राप्त की।


