
फुरकान अंसारी, संवाददाता।
हरिद्वार: हरिद्वार पुलिस की तत्परता, मानवता और साहस का एक और सराहनीय चेहरा उस समय देखने को मिला जब रोड़ी बेलवाला घाट क्षेत्र में गश्त के दौरान एक महिला को गंगा जी में डूबने से बचाकर नई जिंदगी दी गई।
आज दिनांक 09 मई 2026 को लगभग दोपहर 3 बजे अपर उप निरीक्षक संदीप वर्मा मय हमराही कांस्टेबल अजीत तोमर रोड़ी बेलवाला घाट क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान विष्णु घाट के पास एक महिला के गंगा जी में डूबने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही दरोगा संदीप वर्मा ने बिना एक पल गंवाए बहादुरी और सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया और अथक प्रयासों के बाद महिला को सकुशल गंगा जी से बाहर निकाल लिया।
महिला की हालत गंभीर थी, लेकिन समय रहते पुलिस की तत्परता ने उसकी जान बचा ली। होश में आने पर महिला ने अपना नाम ममतेश पत्नी हरिओम, उम्र 32 वर्ष निवासी गंगोह, सहारनपुर बताया। महिला ने बताया कि वह घरेलू परेशानियों के चलते अपने 11 वर्षीय पुत्र ऋषभ के साथ हरिद्वार आई थी। पुलिस को महिला का पुत्र भी घाट के पास अकेला बैठा मिला, जिसे सुरक्षित चौकी रोड़ी बेलवाला लाया गया।
इसके बाद हरिद्वार पुलिस ने तुरंत महिला के परिजनों से संपर्क किया और उनके हरिद्वार पहुंचने पर मां-बेटे को सकुशल सुपुर्द किया गया। अपने परिवार को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखें नम हो गईं और उन्होंने हरिद्वार पुलिस, विशेष रूप से अपर उप निरीक्षक संदीप वर्मा एवं उनकी टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।
हरिद्वार पुलिस का यह सराहनीय कार्य न केवल कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण है, बल्कि यह भी साबित करता है कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि मानव जीवन की रक्षा के लिए भी हर समय पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है।


