
सिद्धार्थनगर, निज संवाददाता। स्काउटिंग के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम 19वीं राष्ट्रीय स्काउट और गाइड जंबूरी में इस वर्ष भी सिद्धार्थनगर ने उत्तम प्रदर्शन करते हुए अपना परचम लहराया है। आयोजन के लिए जिले से जिला स्काउट मास्टर महेश कुमार, जिला गाइड कैप्टन अर्चना वर्मा तथा जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) अमित कुमार शुक्ल का स्टेट स्टाफ के रूप में चयन किया गया है, जो जिले के लिए गौरव का विषय है।
जिला स्काउट मास्टर महेश कुमार ने जानकारी दी कि जंबूरी का आयोजन 23 से 29 नवंबर तक लखनऊ में किया जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे, जबकि समापन समारोह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में संपन्न होगा।
भारत स्काउट और गाइड, जिसका राष्ट्रीय मुख्यालय दिल्ली में स्थित है, विश्वभर में संचालित स्काउटिंग के भारतीय रूप को दिशा प्रदान करता है। जंबूरी स्काउटिंग जगत का सबसे बड़ा आयोजन माना जाता है।
—
35 हजार स्काउट-गाइड होंगे शामिल
इस बार देश-विदेश से लगभग 35 हजार स्काउट-गाइड प्रतिभाग कर रहे हैं। भव्यता और सहभागिता के आधार पर यह कार्यक्रम विश्वस्तरीय महत्व का बन गया है।
—
सिद्धार्थनगर से 63 प्रतिभागी होंगे शामिल
इस आयोजन में सिद्धार्थनगर से कुल 63 बच्चे भाग ले रहे हैं—
बेसिक शिक्षा परिषद: 44 प्रतिभागी
माध्यमिक शिक्षा परिषद: 10 प्रतिभागी
उच्च शिक्षा (स्काउट, गाइड, रोवर, रेंजर): 9 प्रतिभागी
ये सभी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे और काला नमक चावल की सुगंध को वैश्विक मंच
पर ले जाने का संदेश देंगे।



