
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा ✅ रमना सड़क हादसे में युवक पंकज बियार की मौत के बाद भड़के आक्रोश और पुलिस पर हमले के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। रमना थाना क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, सड़क जाम करने तथा पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त करने के आरोप में कुछ नामजद समेत करीब 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की है।

एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए स्पष्ट कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि बुधवार को हुए सड़क हादसे में पंकज बियार की मौत के बाद गुरुवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने गढ़वा–नगर उंटारी मुख्य सड़क को जाम कर दिया था। इस दौरान घंटों तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा और प्रदर्शनकारी मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।

स्थिति उस समय और बिगड़ गई, जब भीड़ में शामिल कुछ उग्र लोगों ने मौके पर पहुंची पुलिस की गाड़ी पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर किया गया।
एसडीपीओ ने बताया कि एहतियात के तौर पर नामजद आरोपियों के नाम फिलहाल सार्वजनिक नहीं किए गए हैं, ताकि जांच प्रभावित न हो। पुलिस वीडियो फुटेज और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है।

वहीं, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।






