छत्तीसगढ़

सरायपाली में सिख समाज ने उत्साह के साथ मनाया 556 वां प्रकाश पर्व नगर कीर्तन में हैरतअंगेज करतबों से रोमांचित हुए दर्शक

स्थानीय सिख समाज के द्वारा श्री गुरूनानक देव का 556 वां प्रकाश पर्व काफी उत्साह के साथ मनाया गया। 03 नवंबर से तीन दिनों तक अखंड पाठ प्रारंभके बाद 05 नवंबर को इसकी समाप्ति हुई। अरदास पश्चात 06 नवम्बर को अटूट लंगर का आयोजन किया गया। वहीं शाम को नगर में पंच प्यारों की अगुवाई में भव्य नगर कीर्तन निकाली गई। इस दौरान पूरा नगर आस्था और श्रद्धा का केन्द्र बना रहा।

प्रकाश पर्व पर नगर के सभी मार्गों को सिक्ख समाज के द्वारा स्वागत द्वार, झालर, बैनर लगाकर एवं पदमपुर रोड स्थित गुरूद्वारे को भी आकर्षक लाईटों से सजाया गया था।

प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में विगत 15 दिनों से सिक्ख समाज की महिलाएं एवं पुरूष वर्ग शबद कीर्तन करते हुए नगर में प्रभात फेरी निकालते रहे। सुबह से ही माईक की मधुर ध्वनि में गुरुवाणी का मंद्धिम स्वर लोगों के लिए कर्णप्रिय रहा। इस बीच 03 से 05 नवंबर तक गुरु नानक देव जी का श्री अखंड पाठ किया गया, 05 की रात्रि में रैन सबाई का कार्यक्रम हुआ, और गुरु नानक देव का जन्मोत्सव मनाया गया। इसके पश्चात 06 नवंबर को गुरुद्वारा में भजन-कीर्तन पाठ करवाया गया जो देर रात तक चलता रहा। कीर्तन पाठ समाप्ति के पश्चात सभी समाज के लोगों व गणमान्य नागरिकों का सिख समाज के द्वारा स्वागत किया गया। गुरूसिंग सभा के तत्वाधान में शाम को पंच प्यारों की अगुवाई में भव्य नगर कीर्तन निकाली गई। इस इसमें करतारपुर साहिब (पाकिस्तान) गुरुद्वारा की तरह की पालकी, जिसमें सिक्ख के धर्म के आदिगुरु गुरुग्रंथ साहिब जी विराजित थे, आकर्षण का केंद्र रही।

नगर कीर्तन गुरुद्वारा श्रीगुरुसिंग सभा सरायपाली से दुर्ग मंदिर चौक, बाजारपारा, पुरानीमंडी रोड, ओड़ियापारा, गुरुनानक चौक से होते हुए गुरुद्वारा साहिब में समापन हुआ। पालकी को आकर्षक रूप से फूलों व लाइट से सजाया गया था। इस दौरान सरायपाली के बच्चों के द्वारा पहली बार विभिन्न स्थानों पर हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया गया। नगर कीर्तन की बड़ी विशेषता यह रही कि समाज के सभी महिला पुरूष शुभ्रवेश में दिखे। परंपरा के अनुसार पंच प्यारों के सामने समाज की महिलाएं झाडू लगाते हुए आगे बढ़ रही थीं। इस दौरान अनेक स्थानों पर विभिन्न समाज के लोगों के द्वारा पंच प्यारों का स्वागत किया गया। नगर कीर्तन के दौरान बड़ी संख्या में जन प्रतिनिधि, सभी समाज के पदाधिकारीगण व गणमान्य नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।

Back to top button
error: Content is protected !!