
बुरहानपुर। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालकर शहर में तनाव फैलाने के मामले में बुरहानपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी यश शाह को हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 18 मार्च की रात की है, जब सोशल मीडिया पर एक धार्मिक पोस्ट वायरल होने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया था।
एसपी देवेंद्र पाटीदार के मुताबिक, यश शाह ने एक नाबालिग से पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए यह साजिश रची थी। उसने फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर नाबालिग के नाम से पोस्ट डाली, जिससे शहर में तनाव की स्थिति बन गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और थाने पहुंचे।
पुलिस ने पहले एक अन्य युवक को हिरासत में लिया था, लेकिन जांच में सामने आया कि असली आरोपी यश शाह ने नाबालिग के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर पोस्ट की थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर उसे ट्रैक कर हैदराबाद से गिरफ्तार किया।
इस मामले में पुलिस ने 4 नामजद आरोपियों सहित 200 से अधिक लोगों के खिलाफ बलवा सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पोस्ट डालने के बाद यश शाह अपने परिजनों के पास हैदराबाद भाग गया था, लेकिन पुलिस ने उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया।





