
फुरकान अंसारी, संवाददाता।
हरिद्वार। ज्वालापुर स्थित ट्रक यूनियन कुरेशियान मस्जिद परिसर में पूर्व राज्यमंत्री हाजी नईम कुरैशी द्वारा पवित्र रमज़ान के अवसर पर एक भव्य रोज़ा अफ़्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों रोज़ेदारों ने बड़ी संख्या में शिरकत की और सामूहिक रूप से रोज़ा इफ़्तार किया।
कार्यक्रम का माहौल आपसी भाईचारे, मोहब्बत और एकता की भावना से सराबोर रहा। रोज़ेदारों के लिए बेहतरीन इंतज़ाम किए गए थे, जिससे सभी ने मिलकर इबादत और अफ़्तार का सुकून भरा लम्हा साझा किया।
इस अवसर पर हाजी नईम कुरैशी ने कहा कि रमज़ान का पाक महीना हमें सब्र, भाईचारे और इंसानियत की सीख देता है। रोज़ा अफ़्तार जैसे कार्यक्रम समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता को मजबूत करने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि उनका हमेशा प्रयास रहेगा कि समाज में मेल-मिलाप और इंसानियत का संदेश फैलता रहे तथा जरूरतमंदों की सेवा की जाती रहे।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोग, समाजसेवी और बड़ी संख्या में रोज़ेदार मौजूद रहे। सभी ने मिलकर मुल्क की तरक्की, अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआ भी की।






