
जयपुर प्रथम । खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जयपुर प्रथम क्षेत्र में खाद्य व्यापारियों और फूड हैंडलर्स के लिए फॉस्टेग (फूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन) प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा। यह प्रशिक्षण मंगलवार, 17 मार्च को दो विभिन्न स्थलों पर दो बैच में आयोजित होगा। प्रशिक्षण सामुदायिक केन्द्र, दूध मंडी, सुभाष नगर शॉपिंग सेंटर (शास्त्री नगर) में प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दोपहर 01 से सांय 04 बजे तक आयोजित होगा। इसी प्रकार पतासे वालों की बगीची, मोती डूंगरी रोड, जयपुर में प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दोपहर 01 से सांय 04 बजे तक आयोजित किया जाएगा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि प्रशिक्षण भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI), नई दिल्ली से अधिकृत एजेंसी के प्रतिनिधियों द्वारा दिया जाएगा। प्रशिक्षण में भाग लेने वाले सभी फूड हैंडलर्स को फूड अथॉरिटी की ओर से प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण में जिले के मिठाई विक्रेता, होटल एवं रेस्टोरेंट संचालक, अन्नपूर्णा रसोई के फूड हैंडलर्स, मिड-डे मील कुक, आवासीय विद्यालयों के भोजन बनाने वाले कर्मचारी, राजीविका समूह के सदस्य, डेयरी संचालक, किराना व्यापारी, घी-तेल व्यापारी, फल-सब्जी विक्रेता, चाय-थड़ी संचालक तथा कचौरी-पकौड़ी बनाने वाले स्ट्रीट वेंडर्स सहित सभी खाद्य व्यवसाय से जुड़े लोगों को आमंत्रित किया गया है। डॉ. शेखावत ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान खाद्य व्यापारियों को रीयूज्ड कुकिंग ऑयल (RUCO) के उपयोग से होने वाले नुकसान और सुरक्षित खाद्य सामग्री तैयार करने के नियमों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी जाएगी।










