हरियाणा

70 करोड़ महिलाओं के सपनों का गला घोंटा, इतिहास नहीं करेगा माफ” — मेयर प्रवीण बत्रा जोशी का विपक्ष पर बड़ा हमला

17 अप्रैल बन सकता था स्वर्ण दिन, विपक्ष ने बना दिया काला दिन, प्रधानमंत्री की अपील भी नहीं सुनी

वंदे भारत न्यूज़ /प्रवीण कुमार | पलवल संस्करण:70 करोड़ महिलाओं के सपनों का गला घोंटा, इतिहास नहीं करेगा माफ: मेयर प्रवीण बत्रा जोशी पलवल, 24 अप्रैल। नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण विधेयक) को लेकर पलवल के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में फरीदाबाद की मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने 70 करोड़ महिलाओं के सपनों का गला घोंटकर उनके अधिकारों के साथ विश्वासघात किया है, जिसे इतिहास कभी माफ नहीं करेगा। प्रेस वार्ता की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला ने की। इस अवसर पर जिला महामंत्री जयराम प्रजापत, मीडिया प्रभारी सागर चौहान, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष आशा भारद्वाज, जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र नंबरदार और पूर्व महिला जिला अध्यक्ष रश्मि सहरावत सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।मेयर जोशी ने कहा कि 17 अप्रैल का दिन भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जा सकता था, लेकिन विपक्ष की रणनीति के चलते यह दिन काला बन गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, सपा, राजद और डीएमके जैसे दलों ने राजनीतिक स्वार्थ को देशहित से ऊपर रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी सांसदों से अंतरात्मा की आवाज सुनने और महिलाओं को अधिकार देने की अपील की थी, लेकिन विपक्ष ने इसे अनदेखा किया। मेयर ने आरोप लगाया कि विपक्ष को डर है कि यदि सामान्य परिवारों की महिलाएं संसद और विधानसभाओं में पहुंचेंगी, तो उनकी परिवारवादी राजनीति समाप्त हो जाएगी।

प्रियंका गांधी वाड्रा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि विधेयक का गिरना संविधान की जीत नहीं, बल्कि नारी शक्ति का अपमान है। उन्होंने यह भी कहा कि ओबीसी और दलित महिलाओं के नाम पर दिया जा रहा तर्क केवल बिल को रोकने का बहाना है। मेयर ने गृह मंत्री अमित शाह के बयान का हवाला देते हुए कहा कि सीटों की संख्या बढ़ाकर सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों तक महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, जबकि वर्तमान सरकार उन्हें निर्णय लेने की शक्ति देना चाहती है। ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं के हितैषी होने का दावा करने वाली पार्टियों का संसद में रुख इसके विपरीत रहा। मेयर जोशी ने कहा कि अब महिलाएं केवल दर्शक नहीं, बल्कि निर्णायक की भूमिका में हैं और आने वाले चुनावों में विपक्ष को इसका जवाब मिलेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोच्च होती है और जो दल महिलाओं के रास्ते में बाधा बन रहे हैं, उन्हें जनता के कड़े सवालों का सामना करना पड़ेगा। अंत में जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला ने पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश की नारी शक्ति इस अपमान को नहीं भूलेगी और 2029 के लोकसभा व आगामी विधानसभा चुनावों में इसका जवाब देगी। प्रेस वार्ता में भावना महलावत, किरण शर्मा, योगेश चौधरी, क्रांति शर्मा और सविता डागर सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ✍️ प्रवीण कुमार वंदे भारत न्यूज़, पलवल

Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!