A2Z सभी खबर सभी जिले कीTechnologyअन्य खबरेहरियाणा

सेफ सिटी कैंपेन: अबूबशहर स्कूल में महिला थाना डबवाली का जागरूकता अभियान

सेफ सिटी कैंपेन: अबूबशहर स्कूल में महिला थाना डबवाली का जागरूकता अभियान

रिपोर्टर इन्द्र जीत प्रजापति

स्थान कालावाली

*छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर क्राइम, नशा, यातायात नियम व डायल-112 ऐप की दी गई जानकारी*
डबवाली, 16 अप्रैल । पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन व नेतृत्व में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महिला थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुशीला देवी द्वारा सेफ सिटी कैंपेन के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अबूबशहर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया ।
कार्यक्रम के दौरान छात्र व छात्राओं को महिला विरुद्ध अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराध से बचाव, नशे के दुष्प्रभाव, यातायात नियमों के पालन तथा डायल-112 ऐप के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
साइबर अपराधों पर प्रकाश डालते हुए सब इंस्पेक्टर सुशीला देवी ने कहा कि डिजिटल युग में इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग अत्यंत आवश्यक है । उन्होंने बताया कि अनजान लिंक, फर्जी कॉल या ई-मेल के माध्यम से साइबर ठगी की जा रही है, इसलिए किसी भी संदिग्ध संदेश पर क्लिक न करें और अपनी बैंक या व्यक्तिगत जानकारी किसी से साझा न करें । उन्होंने बताया कि साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं।
महिला सुरक्षा के विषय में छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति सजग किया गया तथा दुर्गा शक्ति ऐप की जानकारी देते हुए इसका प्रयोग कर के दिखाया गया । उन्होंने बताया कि इस ऐप के माध्यम से किसी भी आपात स्थिति में सहायता प्राप्त की जा सकती है । इसके अतिरिक्त महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 व 181 के उपयोग के बारे में भी अवगत कराया गया ।
महिला थाना प्रभारी ने बताया कि डबवाली क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डायल-112 सेवा को सुदृढ़ किया गया है । डायल-112 ऐप के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा की निगरानी की जाती है ताकि वे अपने गंतव्य तक सुरक्षित पहुंच सकें ।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया तथा हेलमेट, सीट बेल्ट और सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व को समझाया गया ।
नशे के दुष्परिणामों से अवगत करवाते हुए सब इंस्पेक्टर सुशीला देवी ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसका मानसिक संतुलन, पारिवारिक जीवन, शिक्षा और भविष्य भी प्रभावित करता है। उन्होंने बताया कि नशे की लत अपराध की ओर ले जाती है और युवा पीढ़ी को गलत रास्ते पर धकेल देती है । उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें, नशे के लिए उकसाने वाले तत्वों से सतर्क रहें और समाज को नशा-मुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाएं ।
महिला थाना प्रभारी ने कहा कि सेफ सिटी कैंपेन के तहत आगे भी स्कूलों व कॉलेजों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे । स्कूल खुलने व छुट्टी के समय पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!