
राजकीय बांगड़ स्ना. महाविद्यालय में एडवांस पैटर्न मेकर कोर्स का उद्घाटन’
पाली, 16 अप्रैल। राजकीय बांगड़ स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पाली में अतिरिक्त मुख्य सचिव (उच्च एवं तकनीकी शिक्षा) कुलदीप रांका, राजस्थान सरकार, जयपुर द्वारा पाली जिले के समस्त महाविद्यालयों के प्राचार्यों की विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेन्द्र सिंह राजपुरोहित ने बताया कि बैठक में एईडीपी कार्यक्रम, स्कूटी योजना, छात्रवृत्ति योजनाओं एवं अन्य विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा राजस्थान फिनिशिंग स्कूल प्रोग्राम के अंतर्गत स्थापित लैब का उद्घाटन किया गया। साथ ही महाविद्यालय में एडवांस पैटर्न मेकर कोर्स का शुभारंभ भी किया गया, जो विद्यार्थियों के कौशल विकास एवं रोजगार के अवसरों को बढ़ाने में सहायक होगा।
संयुक्त निदेशक डॉ. श्रुति गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए इस कोर्स के माध्यम से मिलने वाले प्लेसमेंट अवसरों की जानकारी दी तथा उन्हें कौशल आधारित शिक्षा की ओर प्रेरित किया।
बैठक में आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा के संयुक्त निदेशक शोभाराम कुमावत, डॉ. श्रुति गुप्ता, विजय सिंह जाट, रविकांत शर्मा, दिलीप गोयल, सहायक निदेशक बलवीर चौधरी एवं राजेश्वर सिंह सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं महाविद्यालय के संकाय सदस्य उपस्थित रहे।








