

गाजीपुर। अग्निवीर भर्ती परीक्षा के लिए इस बार रिकॉर्ड संख्या में आवेदन आने के चलते पहली बार गाजीपुर में भी तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार, पूर्व में केवल वाराणसी और गोरखपुर में ही छह-छह परीक्षा केंद्र बनाए जाते थे, लेकिन इस बार बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की भागीदारी को देखते हुए गाजीपुर को भी शामिल किया गया है।
30 जून से शुरू होंगी परीक्षाएं
अग्निवीर की लिखित परीक्षा 30 जून से शुरू होकर प्रतिदिन चार पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा 13 भाषाओं में कराई जाएगी, जिससे अभ्यर्थी अपनी पसंद की भाषा में परीक्षा दे सकेंगे।
परीक्षा की समय-सारणी इस प्रकार है:
प्रथम पाली: सुबह 8:30 से 9:30 (रिपोर्टिंग समय: 7:00 AM, गेट बंद: 8:00 AM)
द्वितीय पाली: सुबह 11:30 से 12:30 (रिपोर्टिंग समय: 10:00 AM, गेट बंद: 11:00 AM)
तृतीय पाली: दोपहर 2:30 से 3:30 (रिपोर्टिंग समय: 1:00 PM, गेट बंद: 2:00 PM)
चतुर्थ पाली: शाम 5:30 से 6:30 (रिपोर्टिंग समय: 4:00 PM, गेट बंद: 5:00 PM)
58645 आवेदन, गाजीपुर को मिला स्थान
सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल शैलेश कुमार ने बताया कि इस बार कुल 58645 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, जिसमें से 10243 अभ्यर्थियों ने दोनों ट्रेड (जनरल ड्यूटी व टेक्नीशियन/क्लर्क) के लिए आवेदन किया है। बड़ी संख्या को ध्यान में रखते हुए गाजीपुर में केंद्र बनाना आवश्यक हो गया था।
मोबाइल पर मिल रहे एडमिट कार्ड
अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड उनके मोबाइल नंबर पर भेजे जा रहे हैं। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या देरी न हो इसके लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
वाराणसी परिक्षेत्र के लिए कुल 12 जिले
इस परीक्षा क्षेत्र में शामिल जिले हैं: मऊ, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, भदोही, सोनभद्र, चंदौली, आजमगढ़, देवरिया और गोरखपुर।
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज गाजीपुर










