
फिरोजाबाद: टक्कर मारकर भाग रही ब्रेजा कार बनी आग का गोला, सवार फरार
फिरोजाबाद। थाना नारखी क्षेत्र के बछगांव पुलिस चौकी के पास गुरुवार दोपहर एक ब्रेजा कार अचानक आग का गोला बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह कार एक बलेनो को टक्कर मारकर भाग रही थी, तभी संदिग्ध परिस्थितियों में उसमें आग लग गई। हादसे के बाद कार में सवार लोग मौके से फरार हो गए।
जैसे ही कार में आग लगी, इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धूं-धूं कर जलती कार को देखकर मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी कार जलकर खाक हो चुकी थी।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ब्रेजा कार में कौन लोग सवार थे और आग कैसे लगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार में आग लगने की असली वजह और इसके पीछे की मंशा का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।









