
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा श्री बंशीधर नगर। अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में बुधवार को प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन स्थानीय विधायक अनंत प्रताप देव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अस्पताल की उपाधीक्षक सुचित्रा कुमारी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर विधायक एवं अतिथियों का स्वागत किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि वे चुनाव जीतने के बाद से ही क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार को लेकर दृढ़ संकल्पित हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा से लेकर विभागीय मंत्री तक से लगातार मांग की जा रही है कि सभी सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित हो। विधायक ने कहा कि ट्रॉमा सेंटर को शीघ्र चालू कराया जाएगा, इसके लिए विभागीय मंत्री द्वारा पूर्ण आश्वासन दिया गया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार की सराहना करते हुए कहा कि अबुआ सरकार में स्वास्थ्य, सड़क और अन्य विकास योजनाओं पर तेजी से कार्य हो रहा है। इस दौरान विधायक ने पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही पर निशाना साधते हुए कहा कि तीन बार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने और स्वास्थ्य मंत्री रहने के बावजूद उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में कोई ठोस कार्य नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में सरकारी भवनों की स्थिति बदतर हो गई, जो आज खंडहर में तब्दील हो चुके हैं। अनुमंडल अस्पताल की उपाधीक्षक द्वारा एंबुलेंस की मांग पर विधायक ने आश्वस्त किया कि जल्द ही अस्पताल को एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में झामुमो जिला उपाध्यक्ष मुक्तेश्वर पांडेय, प्रखंड अध्यक्ष अमरनाथ पांडेय, नईम खलीफा सहित कई नेताओं ने अपने विचार रखे। मौके पर झामुमो के निर्मल पासवान, सुधीर प्रसाद, पप्पू जायसवाल, विनोद जायसवाल, प्रदीप सिंह, मनोज पासवान, धीरज कुमार, सरफराज अहमद, पप्पू सिंह के साथ चिकित्सक राहुल कुमार, कैंसर आलम, सहायक राजेश सिन्हा, बिपेश राज तमांग, लेखा प्रबंधक राजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में चिकित्सा कर्मी एवं ग्राम सहिया उपस्थित रहे।



