उत्तर प्रदेशसोनभद्र

Sonbhadra news:भाई बना हैवान: बहन के पति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला

सिधवादामर गांव में सनसनी, गंभीर घायल का सीएचसी दुद्धी में इलाज जारी

दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_स्थानीय थाना क्षेत्र के अमवार चौकी अंतर्गत सिधवादामर गांव में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक भाई ने ही अपनी बहन के पति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में बहन का पति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता रजवंती देवी ने अपने सगे भाई राजेश पुत्र पांचू राम के खिलाफ थाने में तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे आरोपी राजेश उनके घर पहुंचा और बिना किसी कारण के विवाद करने लगा। जब इसका विरोध किया गया, तो उसने गाली-गलौज करते हुए रजवंती के साथ मारपीट की और उनके पति सीताराम को भी बुरी तरह पीटा।
घटना के दौरान शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर आरोपी को वहां से भगा दिया। लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ। कुछ ही देर बाद आरोपी फिर से कुल्हाड़ी लेकर लौटा और सीताराम की गर्दन पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि सीताराम मौके पर ही गिर पड़े और खून से लथपथ हो गए।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और एम्बुलेंस की मदद से घायल को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया।
पीड़िता ने अपने भाई के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
गांव में दहशत, आरोपी फरार
इस घटना के बाद पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों में आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर चिंता बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!