
गाजीपुर। सिंचाई विभाग संयुक्त कर्मचारी संघर्ष समिति के बैनर तले कर्मचारियों ने बुधवार को विभाग के विभिन्न पदों को समाप्त करने के विरोध में प्रदर्शन किया। राज्य कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष बालेंद्र त्रिपाठी ने संयुक्त संघर्ष समिति को समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने कर्मचारियों से अंत तक एकजुट रहने की अपील की। जिले में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन चलाया जा रहा है। सिंचाई विभाग में विभिन्न पद सींचपाल, उप राजस्व निरीक्षक, ट्यूबवेल संचालक, चालक, टंडेल, रनर सहित चार हजार से अधिक पदों को समाप्त कर दिया गया है। इसे लेकर सिंचाई विभाग के कर्मचारियों में रोष है। संयुक्त संघर्ष समिति के तत्वावधान में नलकूप खंड मंडल कार्यालय के बाहर कर्मचारियों ने विरोध-प्रदर्शन कर हुंकार भरी। जिलाध्यक्ष ने कहा कि ये सभी पद विभाग की धुरी हैं। सरकार की मंशा के अनुरूप किसानों की आय दोगुनी करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संघ की मांग है कि इन पदों को पुनः बहाल किया जाए। इससे गरीब संवर्ग के बच्चों को भी रोजगार के उचित अवसर दिए जा सकेंगे। सिंचाई विभाग के लगभग डेढ़ दर्जन संवर्गों के पदों को समाप्त करने वाले शासनादेश के विरोध में सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए सिंचाई विभाग के समस्त मान्यता प्राप्त संगठन विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सुभाष सिंह ने कहा कि कर्मचारी व किसान विरोधी शासनादेश को तत्काल निरस्त किया जाए। इस मौके पर नमो नारायण राय, ओमप्रकाश गुप्ता, अवध नारायण, मिश्रीलाल, राजेश मिश्रा, रोहित शर्मा आदि मौजूद रहे।