A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेमध्यप्रदेशसागर

आटो चालक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 *। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के लिए विकाश कुमार शाहवाल के निर्देशन में पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना गोपालगंज पुलिस ने एक ऑटो चालक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी अन्नू उर्फ अनिल यादव पिता सत्यनारायण यादव उम्र 35 वर्ष निवासी ग्वाली मोहल्ला गोपालगंज, जिला सागर, जो पेशे से ऑटो चालक है, दिनांक 13 मार्च 2026 की रात्रि लगभग 10:45 बजे अपना ऑटो चलाकर घर जा रहा था। जब वह डिग्री कॉलेज गोपालगंज के पास पहुँचा, तभी एक व्यक्ति ने उसका ऑटो रुकवाया और उसे आगे छोड़ने के लिए कहा। फरियादी द्वारा मना करने पर उक्त व्यक्ति ने स्वयं को अनिकेत अहिरवार निवासी ढाना बताते हुए उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और अचानक धारदार हथियार से उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमले के दौरान फरियादी के नाक, होंठ, दाहिने हाथ की भुजा तथा बाएं हाथ की हथेली एवं उंगलियों में गंभीर चोटें आईं। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों के आने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल फरियादी को तत्काल डायल-112 पुलिस वाहन की मदद से जिला अस्पताल सागर पहुँचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए Bundelkhand Medical College (बीएमसी) सागर रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गोपालगंज घनश्याम शर्मा द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। उनके मार्गदर्शन में पुलिस टीम द्वारा आरोपी की तलाश शुरू की गई। इसी दौरान बस स्टैंड प्रभारी प्रधान आरक्षक अनंत दाहिया ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए दबिश देकर आरोपी अनिकेत अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया। उक्त मामले में थाना गोपालगंज में अपराध क्रमांक 296/2026 धारा 296(A), 109(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!