A2Z सभी खबर सभी जिले कीFinanceTechnologyअन्य खबरेटेक्नोलॉजीधारमध्यप्रदेशलाइफस्टाइल

केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर के मुख्य आतिथ्य में ‘नारी शक्ति वंदन रैली’ एवं ‘शक्ति संवाद’ आयोजित* *नारी शक्ति वंदन पखवाड़े (10 से 25 अप्रैल) के तहत लालबाग परिसर में हुआ भव्य आयोजन* *पोषण प्रदर्शनी, हस्ताक्षर अभियान और संवाद के माध्यम से महिलाओं को किया गया सशक्त*

 

*धार  सुरेन्द्र दुबे डिस्टिक हेड 14 अप्रैल, 2026।* धार जिला मुख्यालय स्थित लालबाग परिसर में आज ‘नारी शक्ति वंदन पखवाड़े’ के अंतर्गत भव्य नारी शक्ति वंदन रैली एवं शक्ति संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक श्रीमती नीना वर्मा थीं।

 

*पखवाड़े का उद्देश्य एवं गतिविधियां*

 

जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सुभाष जैन ने बताया कि मध्य प्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार 10 से 25 अप्रैल तक ‘नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा’ मनाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के प्रति जागरूक करना है। शासन के निर्देशानुसार इस अवधि में विभिन्न विभागों द्वारा संदेश लेखन, गोष्ठी, सेमिनार और सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें महिला एवं बाल विकास विभाग नोडल एजेंसी के रूप में कार्य कर रहा है।

 

*पोषण प्रदर्शनी एवं हस्ताक्षर अभियान*

 

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा रिबन काटकर किया गया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘पोषण पखवाड़ा’ के अंतर्गत लगाई गई पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। अतिथियों ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से विभिन्न व्यंजनों की पौष्टिकता और बनाने की विधि के बारे में जानकारी ली। इसके पश्चात नारी शक्ति वंदन हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें अतिथियों सहित उपस्थित जनसमूह ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

 

*महिला सशक्तिकरण पर संवाद*

 

शक्ति संवाद के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने उपस्थित महिलाओं से सीधा संवाद किया और भारत सरकार द्वारा संचालित महिला सशक्तिकरण की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, विधायक श्रीमती नीना वर्मा ने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला।

 

*भव्य रैली का आयोजन*

 

कार्यक्रम के दौरान लालबाग से एक विशाल नारी शक्ति रैली निकाली गई। सफेद कैप पहने महिलाओं की यह रैली लालबाग से प्रारंभ होकर डी.पी. ज्वेलर्स चौराहा होते हुए पुनः लालबाग पर संपन्न हुई। रैली के समापन पर सभी सहभागी महिलाओं को छाछ का वितरण किया गया।

 

*सहभागिता एवं आभार*

 

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और स्वयंसेवी संगठनों की महिला प्रतिनिधि उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती चेतना राठौर एवं श्री प्रवीण सिटोले द्वारा किया गया। अंत में आभार प्रदर्शन सहायक संचालक एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी श्री विक्रांत भास्कर दामले ने व्यक्त किया।

 

Back to top button
error: Content is protected !!