
सुरेन्द्र दुबे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में सैटेलाइट सत्यापन की खामियों के चलते बड़ी संख्या में किसानों का गेहूं समर्थन मूल्य पर नहीं बिक पा रहा है। सत्यापन नहीं होने से करीब 26 हजार किसान गेहूं खरीदी से बाहर हो गए हैं। वे अब बिना सत्यापन के अपना गेहूं समर्थन मूल्य पर नहीं बेच सकेंगे। कुछ किसान ऐसे भी हैं जिनकी उपज कम दिख रही है। स्लाट बुक की प्रक्रिया पूरी करने पर अंत में पोर्टल पर सैटेलाइट द्वारा असत्यापित किया गया है, इस तरह का मैसेज आ रहा है। जिले में गेहूं खरीदी प्रक्रिया के दौरान तकनीकी खामियां किसानों पर भारी पड़ रही हैं।
करीब 26 हजार किसान गेहूं खरीदी से बाहर
सैटेलाइट के माध्यम से खेतों का सत्यापन नहीं होने के कारण करीब 26 हजार किसान समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने से बाहर हो गए हैं। किसानों का कहना है कि उन्होंने नियमानुसार पंजीयन कराया, पोर्टल पर उनका डेटा दिख रहा है लेकिन जैसे ही वह स्लॉट बुक करने की प्रक्रिया पूरी करते हैं, तो अंत में पोर्टल पर सैटेलाइट द्वारा असत्यापित का संदेश दिखाई देता है। इसके कारण उनकी बुकिंग निरस्त हो जाती है।






