
। संभल में मस्जिद को लेकर बवाल – फोटो।उत्तर प्रदेश के संभल में मस्जिद पर दोबारा सर्वे को लेकर हुए पर विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। सर्वे के दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव और आगजनी कर दी। जवाब में पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने और लाठीचार्ज करना पड़ा। घटना में बीस से अधिक पुलिस कर्मी और दो दर्जन लोग चोटिल हो गए। मुरादाबाद कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह ने तीन लोगों की माैत की पुष्टि की है। कांग्रेस नेता दानिश अली बोले- शांति बनाए रखें, साजिशों से बचें
संभल बवाल पर कांग्रेस नेता कुंवर दानिश अली ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे हृदय विदारक बताया। उन्होंने कहा कि संभल में सांप्रदायिकता की आग को भड़काकर तीन मासूम युवकों की जान ले ली गई। यह एक साजिश है, जिसके तहत शांतिपूर्ण संभल को आग और खून के हवाले किया गया है। अब अनेकों गिरफ्तारियां होंगी और कई परिवारों का भविष्य अंधेरे में चला जाएगा। उन्होंने संभल के नागरिकों से अपील की कि वह इस कठिन समय में संयम बनाए रखें। यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। कांग्रेस नेता ने निशाना साधते हुए कहा कि स्थानीय प्रशासन राजनीतिक आकाओं को खुश करने में लगा हुआ है। प्रशासन को चाहिए कि वह साजिशों का हिस्सा बनने से बचे और निष्पक्षता के साथ अपना कर्तव्य निभाए। सांप्रदायिकता की इस भट्टी में देश का भविष्य दांव पर है। दानिश अली ने सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश करार देते हुए कहा कि ऐसे मुद्दों को उठाकर शांतिपूर्ण क्षेत्रों को भी हिंसा की आग में झोंकने की कोशिश की जा रही है। घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा यह घटना न केवल दर्दनाक है, बल्कि समाज को बांटने वाली साजिशों की ओर भी इशारा करती है।संभल में बवाल के बाद इंटरनेट सेवाएं बंद, आठवीं तक के स्कूल कल बंद
संभल में बवाल के बाद इंटरनेट बंद कर दिया गया है। अगले 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम डॉ.राजेंद्र पैंसिया ने इस संबंध में निर्देश जारी किया है। कहा गया है कि संभल तहसील में अगले 24 घंटे तक इंटरनेट सेवाएं ठप रहेंगी। इसके साथ ही आठवीं तक के विद्यालय कल बंद रहेंगे।बीस पुलिसकर्मी जख्मी, एक की हालत बेहद नाजुक
संभल बवाल के बीच बीस से अधिक पुलिसकर्मीजख्मी हुए हैं। इसमें से एक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिसकर्मी का उपचार हायर सेंटर में चल रहा है। हिंसा में तीन युवकों की माैत हो गई है। भीड़ ने चंदौसी के सीओ की गाड़ी समेत कई वाहनों में तोड़फोड़ कर दी और आग लगा दी। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, लेकिन भीड़ काबू में नहीं आई। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठीचार्ज और फायरिंग की तो भगदड़ मच गई।
। संभल में माैजूद कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह – फोटो : संवाद। मुरादाबाद कमिश्नर बोले, हिंसा में तीन की मौत, महिलाएं भी हिरासत में
संभल में जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान भड़की हिंसा में तीन युवकों की मौत हो गई। कमिश्नर ऑन्जनेय सिंह ने इसकी पुष्टि की है। हिंसा में सीओ अनुज चौधरी और एसपी के पीआरओ को भी गोली लगी है। मृतकों के परिजनों का दावा है कि पुलिस की गोली से मौत हुई है। हालांकि कमिश्नर ने कहा कि पुलिस फायरिंग में कोई मौत नहीं है। कमिश्नर ने कहा कि हमलावर प्लांड तरीके से सर्वे टीम को टारगेट करना चाहते थे। 12-14 साल के बच्चों और महिलाओं को आगे किया गया। ऑन्जनेय सिंह ने संभल हिंसा में तीन युवकों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि मरने वालों में सरायतरीन निवासी नोमान, हयातनगर का बिलाल और कोट गर्वी का नईम शामिल है। कमिश्नर संभल में ही कैंप किए हुए हैं। हिंसा के बाद मुरादाबाद से अतिरिक्त पीएसी को संभल रवाना किया गया है।
Sambhal Jama Masjid Case: – फोटो : संवाद
पुलिस ने कई आरोपियों को किया गिरफ्तार, तीन महिलाएं भी हिरासत में
संभल में जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुए बवाल में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने तीन कारों और आठ बाइकों को आग के हवाले कर दिया। पुलिस पर जमकर पथराव और फायरिंग की गई, जिसमें 20 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए। नखासा तिराहा और हिंदूपुरा खेड़ा क्षेत्र में स्थिति बेकाबू हो गई थी।आचार्य प्रमोद कृष्णम बोले, हिंसा के पीछे सपा का हाथ
संभल में जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा पर प्रतिक्रिया देते हुए आचार्य प्रमोद कृष्णम ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में हार के बाद समाजवादी पार्टी के नेता बौखला गए हैं। संभल की हिंसा के पीछे उनका ही हाथ है। आचार्य प्रमोद ने उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस से मांग की कि हिंसा भड़काने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा जो लोग यहां हिंसा फैलाने की कोशिश कर रहे हैं उनके खिलाफ योगी आदित्यनाथ सरकार को कड़ा कदम उठाना चाहिए। संभल में जामा मस्जिद के सर्वे को लेकर रविवार को हुई हिंसा में तीन युवकों की मौत हो चुकी है। पुलिसकर्मियों सहित दर्जनों लोग घायल हुए हैं।
मुरादाबाद में गश्त करती पुलिस – फोटो : पुलिस। संभल में हिंसा को लेकर मुरादाबाद में भी चौकसी
संभल में हुई हिंसा और आगजनी के बाद मुरादाबाद पुलिस अलर्ट मोड में है। सीओ और थानाध्यक्ष अपने क्षेत्र में पैदल मार्च कर रहे हैं। ड्रोन कैमरा से निगरानी हो रही है। एसएसपी ने सोशल मीडिया विंग को भी सक्रिय कर दिया है। क्षेत्राधिकारी कोतवाली ने थाना प्रभारी मुगलपुरा मय पुलिस बल के साथ अपराध नियन्त्रण, कानून एवं शान्ति, सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस फोर्स को ब्रीफ किया है। इसके साथ ही मुगलपुरा क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। इसी तरह क्षेत्राधिकारी कटघर ने भी थाना प्रभारी गलशहीद मय पुलिस फोर्स को ब्रीफ किया गया है और गलशहीद क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया है। क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस ने भी अगवानपुर चौकी क्षेत्र के साथ ही थाना सिविल थाना इलाके में फ्लैग मार्च किया है। जिलाधिकारी अनुज सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने भी कई क्षेत्रों में पहुंचकर पैदल मार्च किया।तीसरे युवक ने भी तोड़ा दम, इलाके में कड़ी निगरानी
हिंसक घटना में अब तक तीन युवकों की मौत की खबर है, हालांकि अधिकारियों ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मृतकों की पहचान रोमान, बिलाल और नईम के तौर पर की गई है। इसके अलावा बीस से अधिक पुलिसकर्मी और दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। पुलिस प्रशासन ने स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।संभल की सड़कों पर छाया सन्नाटा
संभल शहर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। चंदौसी चौराहा, शंकर चौराहा, अस्पताल चौराहा और यशोदा चौराहा समेत सभी प्रमुख चौराहों पर बेरिकेडिंग कर आम लोगों को रोका गया है। जो लोग इन रास्तों से गुजरने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें डाइवर्ट करके अन्य मार्गों से भेजा जा रहा है। शहर भर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। इस हिंसक घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है और स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है।मौ दीन पत्रकार रिपोर्टर भोजपुर जिला मुरादाबाद






