
सिद्धार्थनगर जिले में आग किसानों पर आफत बनकर टूट रही है।

सोमवार को शोहरतगढ़ और ढेबरुआ थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में लगी भीषण आग से करीब 41 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत साहा स्थित साही पोखरे के पास सुबह करीब 11 बजे अज्ञात कारणों से फसल में आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। साहा और मनोहरी गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर आग बुझाने का प्रयास किया।
वहीं तुलसियापुर क्षेत्र के रुमनदेई सिवान में दोपहर के समय शॉर्ट सर्किट से गेहूं की फसल में आग लग गई, जिसमें करीब 16 बीघा फसल जलकर नष्ट हो गई। इस घटना में सगीर, यार मोहम्मद, इस्माइल, इस्लाम और हरिराम समेत कई किसानों की फसल प्रभावित हुई।
ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की घंटों कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझाने के लिए लोगों ने हरे पेड़ों की टहनियों से पीटकर, पानी डालकर और ट्रैक्टर से जुताई कर लपटों को रोकने का प्रयास किया।
सूचना पर पहुंचे हल्का लेखपाल ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया। लगातार हो रही आग की घटनाओं से किसानों में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।
- Comment as Krishna Kumar Gupta


