
श्रवण साहू,धमतरी. ग्राम राखी के किसान से 25 हजार रुपये की लूट करने वाले दो फरार आरोपियों को कुरूद पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना के मुख्य आरोपी यज्ञ उर्फ जीवा दीवान को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
बता दें कि 16 जून को ग्राम राखी निवासी रामेश्वर सतनामी अपने पुत्र कोमेश दास के साथ बैंक ऑफ बड़ौदा, कुरूद शाखा से 25,000 रुपये की नकद राशि निकालकर अपनी पैंट की जेब में रखकर पैदल सेलून की ओर जा रहा था। लगभग दोपहर 3 बजे वह वृंदावन तालाब के पास, पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में पेशाब करने रुका, तभी तीन युवक यज्ञ उर्फ जीवा दीवान, बंठा और धर्मेन्द्र वहां पहुंचे और किसान को जबरन पकड़कर उसकी जेब से नकदी रकम लूट ली। विरोध करने पर आरोपियों ने पत्थर उठाकर मारपीट की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।प्रार्थी की सूचना पर थाना कुरूद में तत्काल अपराध क्रमांक 158/2025 धारा 309(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कुरूद थाना प्रभारी राजेश जगत द्वारा मुख्य आरोपी यज्ञ कुमार दीवान उर्फ जीवा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध में संलिप्तता स्वीकारते हुए बताया कि उसे लूट के बंटवारे में 8,000 प्राप्त हुए थे। आरोपी की निशानदेही पर उक्त राशि गवाहों के समक्ष विधिवत रूप से जब्त की गई। आरोपी यज्ञ कुमार दीवान उर्फ जीवा को 17 जून को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है। जिसको न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया था। सोमवार को फरार दोनों आरोपियों धर्मेंद्र साहू उर्फ चुंमन साहू,पिता विजय साहू,उम्र 18 वर्ष 7 माह, साकिन सिरसा चौक पचरी पारा कुरूद और गौरव यादव उर्फ़ बनठा पिता त्रिभुवन यादव,उम्र 19 साल इंदिरा नगर कुरुद,थाना कुरूद को गिरफ्तार किया गया। गौरव यादव से पुरानी मोटर सायकल होंडा लियो एवं धर्मेंद्र साहू से 700 रुपये नगद जप्त किया गया।आरोपी गौरव यादव उर्फ़ बनठा का पूर्व अपरधिक रिकॉर्ड हैं।







