
सिद्धार्थनगर में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी. एन. की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक सिद्धार्थ सभागार में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम कुसुम योजना, छात्रवृत्ति, पेंशन समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और निर्देश दिया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए ट्रांसफार्मर समय से बदलने, शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति करने और स्कूलों के ऊपर से हाईटेंशन तार हटाने के निर्देश दिए गए। पीएम सूर्य घर योजना में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय से पूरा करें। जल जीवन मिशन के तहत ओवरहेड टैंक निर्माण, टेस्टिंग और जलापूर्ति जल्द शुरू कराने पर जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सीएम डैशबोर्ड पर समय से फीडिंग करें और योजनाओं में प्रगति लाकर जनपद की रैंकिंग बेहतर करें। साथ ही 50 लाख से अधिक लागत वाले निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और सत्यापन के भी निर्देश दिए गए।



