A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

खरगोन न्यूज: – मंडी प्रशासन ने गुड़ी पड़वा पर किसानों और व्यापारियों का किया स्वागत

मंडी प्रशासन ने गुड़ी पड़वा पर किसानों और व्यापारियों का किया स्वागत

नीलामी कार्य रहा अनवरत

खरगोन 19 मार्च 2026। हिन्दू नववर्ष और गुड़ी पड़वा के पावन अवसर पर मंडी बोर्ड के निर्देशों का पालन करते हुए, बड़वाह मंडी प्रशासन ने एक अनूठी पहल की। सामान्यतः अवकाश का दिन होने के बावजूद, किसानों की सुविधा और आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए मंडी में नीलामी कार्य निरंतर जारी रखा गया। मंडी की स्थापना के बाद यह पहला अवसर था जब गुड़ी पड़वा के पर्व पर किसानों का तिलक लगाकर और मुंह मीठा कराकर स्वागत किया गया।

उत्सव के इस माहौल में मंडी के भारसाधक अधिकारी श्री सत्यनारायण दर्रो एवं मंडी सचिव श्री योगेश बर्वे ने स्वयं नीलामी स्थल पर उपस्थित होकर नए वर्ष के उपलक्ष्य में किसानों और व्यापारियों का अभिनंदन किया।

नीलामी की शुरुआत बेहद सकारात्मक रही, जहाँ ग्राम ओखला के प्रथम कृषक श्री बब्लू रतन का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया। उनकी गेहूं की फसल की पहली बोली 2626 रुपये प्रति क्विंटल के उच्चतम दर पर लगी, जिसे श्री गोविंद ट्रेडर्स द्वारा क्रय किया गया।

मंडी परिसर में केवल व्यापार ही नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द का दृश्य भी देखने को मिला। व्यापारियों के सक्रिय जनसहयोग से ‘नुक्ती प्रसादी’ का वितरण किया गया। मंडी में अपनी उपज बेचने आए किसानों, व्यापारियों, तुलावटियों और हम्मालों सहित उपस्थित जनसमूह को दोने में प्रसादी बांटकर नववर्ष की शुभकामनाएं दी गईं।

इस सफल आयोजन में मंडी कर्मचारियों और तुलावटियों का विशेष सहयोग रहा। नीलामी के दौरान क्षेत्र के कई प्रतिष्ठित व्यापारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रांगण प्रभारी श्री गोपाल चौहान ने नीलामी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न कराई और क्षेत्र के किसानों से अपील की कि वे अपनी कृषि उपज को मंडी प्रांगण में ही लाकर विक्रय करें ताकि उन्हें सही मूल्य और सुरक्षा प्राप्त हो सके।

Back to top button
error: Content is protected !!