A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेउत्तर प्रदेशलखीमपुर खीरी

अंबेडकर जयंती पर बांकेगंज में बवाल: पथराव, आगजनी और तोड़फोड़, हालात अब काबू में

लखीमपुर खीरी।
थाना मैलानी क्षेत्र के बांकेगंज चौकी अंतर्गत बाबूपुर गांव में मंगलवार शाम अंबेडकर जयंती के अवसर पर उस समय हालात बेकाबू हो गए, जब बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना को लेकर पुलिस और ग्रामीण आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और क्षेत्र में पथराव, तोड़फोड़ व आगजनी की घटनाएं सामने आईं।
भंडारे के बीच शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, गांव में अंबेडकर जयंती के मौके पर भंडारे और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे थे। ग्रामीण लंबे समय से खाली पड़ी जमीन पर बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित करने की मांग कर रहे थे। मंगलवार को प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया गया।
बताया जा रहा है कि ग्राम प्रधान वीरेंद्र गौतम की मौजूदगी में कार्यक्रम शुरू हुआ, लेकिन उनके जाने के बाद ग्रामीण रैली में शामिल होने निकल गए और मौके पर महिलाएं ही रह गईं। महिलाओं का आरोप है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रतिमा हटाने का प्रयास किया, जिससे मूर्ति खंडित हो गई। विरोध करने पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
उग्र भीड़ ने किया पथराव और आगजनी
घटना की जानकारी मिलते ही रैली में शामिल ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और उग्र हो गए। गुस्साई भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे हालात और बिगड़ गए।
उपद्रवियों ने सीओ गोला और तहसीलदार की गाड़ियों को निशाना बनाते हुए उनके शीशे तोड़ दिए और वाहनों को सड़क पर पलट दिया। एक वाहन में आग भी लगा दी गई, जिससे क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। इस दौरान एक महिला के साथ मारपीट की भी सूचना है, जिसे पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
मौके पर पहुंचे डीएम-एसपी, भारी पुलिस बल तैनात
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग समेत एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एएसपी पवन गौतम और एएसपी अमित कुमार राय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस का बयान: स्थिति अब सामान्य
अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार राय के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों द्वारा प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया गया, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन कुछ लोग उग्र होकर पथराव करने लगे।
उन्होंने बताया कि अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर स्थिति को काबू में कर लिया गया है और वर्तमान में हालात सामान्य हैं।
👉 प्रशासन की अपील:
अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। साथ ही, मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई

Back to top button
error: Content is protected !!