A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

ईद व रामनवमी को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित

 

ईद एवं रामनवमी पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न, विधि-व्यवस्था हेतु व्यापक तैयारी

 

समाहरणालय स्थित मां मुंडेश्वरी सभागार में आज जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महोदय की संयुक्त अध्यक्षता में आगामी ईद एव रामनवमी पर्व के मद्देनजर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शांति समिति के सदस्य, जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं सभी थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।

 

बैठक में ईद एवं रामनवमी पर्व के दौरान शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई तथा निम्नलिखित महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए—

 

पर्व के दौरान सभी पदाधिकारी एवं पुलिस बल सतर्क एवं सक्रिय रहकर सतत निगरानी बनाए रखेंगे, ताकि कहीं भी विधि-व्यवस्था प्रभावित न हो।

 

नगर परिषद एवं नगर पंचायत को निर्देशित किया गया कि शहर में साफ-सफाई, पेयजल, फौगिंग एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं विशेष रूप से चौक-चौराहों पर सुनिश्चित की जाएं।

 

छोटे बच्चों को जुलूस में शामिल न किया जाय। साथ ही किसी प्रकार के हथियार का प्रदर्शन न किया जाय।

 

डीजे पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा, जिसका कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा।

 

शांति समिति के सदस्य, बीडीओ एवं थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में निरंतर भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर बनाए रखेंगे।

 

जिले के सभी संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही, जिले को विभिन्न जोन में विभाजित कर जोनल दंडाधिकारियों एवं वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

 

पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि सादे लिवास में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जो नियंत्रण कक्ष से समन्वय स्थापित कर हर गतिविधि पर नजर रखेंगे।

 

जिला नियंत्रण कक्ष को 24×7 सक्रिय रखा जाएगा तथा पालीवार पदाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।

 

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध प्रभावी रहेगा तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी भभुआ एवं मोहनिया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्य, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं सभी थानाध्यक्ष सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि ईद एवं रामनवमी पर्व शांति, सौहार्द एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो, जिससे आमजन निर्भीक होकर पर्व का आनंद ले सकें।

( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)

Back to top button
error: Content is protected !!