
सिद्धार्थनगर में चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। क्षेत्र के प्रसिद्ध पलटा देवी मंदिर पर शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा और जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां दुर्गा का आशीर्वाद लिया।



कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई, जहां मंदिर के पुजारियों द्वारा पूरे विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई गई। इस अवसर पर विधायक विनय वर्मा और जिलाधिकारी ने जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना की। विधायक विनय वर्मा ने कहा कि नवरात्रि का पर्व समाज में भाईचारा, एकता और सद्भाव बनाए रखने का संदेश देता है और सभी से इसे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाने की अपील की।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी. एन. ने कहा कि नवरात्रि हमें शक्ति, संयम और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है, जो समाज के विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
पूजा के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच फल वितरण किया गया, जिसमें महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।






