

*रायपुर थाना प्रभारी सहित 04 पुलिसकर्मी हटाए।

देहरादून। शराब पीकर वाहन चलाने व हंगामा करने के आरोप में थाने में बंद आरोपी संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला। सूचना मिलते ही पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। निष्पक्ष जांच के लिए थाना प्रभारी सहित 04 पुलिसकर्मियों को तत्काल हटाकर पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक बीते शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे थाना रायपुर पुलिस को सूचना मिली कि लाडपुर स्थित महादेव फ्यूल पैट्रोल पंप पर एक व्यक्ति पैसों को लेकर झगडा कर रहा है वह नशे में धुत है। सूचना पर पुलिसकर्मी उसे थाने ले आए। जहां उसने अपना नाम सुनील रतूड़ी पुत्र शिवानन्द रतूड़ी (45 वर्ष) निवासी 10 पीआरडी कालोनी तपोवन रोड़ देहरादून बताया।
बताया जा रहा है कि आरोपी बार बार समझाने पर भी नहीं माना और हंगामा करता रहा तो पुलिस ने उसे धारा 185/207 एमवी एक्ट में गिरफ्तार कर थाने के हवालात में बंद कर दिया। लेकिन थोड़ी देर बाद जब ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल ने उसे चैक किया तो वह बेहोशी की हालत में मिला। जिसके बाद पुलिसकर्मी उसे कोरोनेशन अस्पताल देहरादून ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अभिरक्षा में आरोपी की मौत की खबर से थाना स्टाफ के हाथ पांव फूल गए। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं। वहीं एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए थाना रायपुर प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों को तत्काल वहां से हटाकर पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया है।








