
सिद्धार्थनगर। परिचित से मिलने गई एक विवाहिता से छह व्यक्तियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया, जिनमें चार बाल अपचारी भी शामिल हैं। लोकलाज और आरोपितों की धमकी के कारण विवाहिता दो दिन तक चुप रही। शुक्रवार को उसके भाई के घर लौटने पर पीड़िता रो-रोकर पूरी घटना बता सकी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर सभी छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता की बातचीत होरिलापुर के एक नाबालिग से होती थी। 12 नवंबर को नाबालिग पीड़िता के गांव आया और फोन कर उसे घर के पीछे बुलाया। उसने धमकी दी कि यदि वह नहीं आई तो घर में घुस जाएगा। पीड़िता जैसे ही वहां पहुंची, नाबालिग और उसके साथी जग्गी ने पहले बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
इसके बाद दोनों आरोपितों ने अपने अन्य मित्रों को बुला लिया। सभी ने एक-एक कर विवाहिता से दुष्कर्म किया और इस दौरान घटना का वीडियो भी बनाया। पीड़िता ने बताया कि आरोपितों ने धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया तो वीडियो वायरल कर देंगे और उसे जान से मार देंगे।
डरी-सहमी पीड़िता ने दो दिन तक चुप्पी साधे रखी। शुक्रवार को उसका भाई दिल्ली से गांव लौटा। तब पीड़िता ने पूरी घटना बताकर उसके साथ थाने पहुंची और तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म, धमकी और पाक्सो सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने रविवार सुबह टीम के साथ भैंसहवा टोला गुलरिया तिराहे पर दबिश देकर जग्गी, सिकंदर और चार बाल अपचारियों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी नामजद और वांछित आरोपितों को पकड़ लिया गया है। विधिक कार्रवाई पूरी कर सभी को न्यायालय भेज दिया
गया है।




