
चैत्र नवरात्रि के रामनवमी पर सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। मंत्रोच्चारण, घंटा और शंखनाद से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
ऐतिहासिक सिद्ध पीठ मां वटवासनी गालापुर महाकाली स्थान पर मध्य रात्रि से ही भक्तों का आगमन शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने 108, 111 और 121 बार मां की परिक्रमा की। भोर से शाम तक हवन का कार्यक्रम चलता रहा।
गालापुर महाकाली मंदिर में अखंड रामायण का पाठ किया गया। हवन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। मुख्य यजमान कुंवर आनंद सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से हवन-पूजन कर मां भगवती की आराधना की। पंक्तिबद्ध होकर माता के दर्शन किए और मंगलमय जीवन की कामना की। भोर से ही सभी देवी स्थानों और घरों में लोगों ने मां की पूजा-अर्चना की। व्रत की समाप्ति पर पारण किया गया।
कुंवर आनंद सिंह ने कहा कि धार्मिक भावनाओं की जागृति और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन आवश्यक हैं। कार्यक्रम में महेंद्र पाल सिंह, अमित सिंह, सौरभ पाल सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।