
लाड़ली बहना योजना एक बार फिर चर्चा में, 23वीं किस्त का महिलाओं को बेसब्री से इंतजार
भोपाल। मध्यप्रदेश की महिलाओं के लिए शुरू की गई महत्वाकांक्षी लाड़ली बहना योजना एक बार फिर सुर्खियों में है। राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही इस योजना की 23वीं किस्त का इंतजार अब लंबा होता जा रहा है। आमतौर पर यह राशि हर माह की 10 तारीख तक पात्र महिलाओं के खातों में ट्रांसफर कर दी जाती है, लेकिन अप्रैल 2025 की किस्त अब तक जारी नहीं की गई है, जिससे महिलाओं में चिंता और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
सरकार की ओर से नहीं आई अब तक कोई आधिकारिक सूचना
योजना की किस्तों को लेकर अब तक राज्य सरकार या महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। महिलाओं और उनके परिवारों की शिकायत है कि जब तक राशि खातों में नहीं आती, तब तक उन्हें कई ज़रूरी खर्चों को टालना पड़ता है। यह स्थिति खासकर ग्रामीण और निम्न आय वर्ग की महिलाओं के लिए मुश्किलें पैदा कर रही है।
पिछली किस्त 10 मार्च को आई थी
मालूम हो कि योजना की 22वीं किस्त 10 मार्च 2025 को जारी की गई थी, और तब भी कई लाभार्थियों को राशि मिलने में 1 से 2 दिन की देरी हुई थी। लेकिन इस बार मध्य अप्रैल बीतने के बावजूद अभी तक कोई ट्रांजेक्शन नहीं हुआ है।
सोशल मीडिया पर उठ रही आवाज़
इस देरी को लेकर सोशल मीडिया पर भी बहनों की आवाज़ तेज़ होती जा रही है। ट्विटर, फेसबुक और व्हाट्सएप ग्रुप्स पर महिलाएं अपनी परेशानी साझा कर रही हैं और सरकार से अपील कर रही हैं कि जल्द से जल्द राशि उनके खातों में डाली जाए।
अधिकारी क्या कह रहे हैं?
सूत्रों के अनुसार, विभागीय स्तर पर राशि रिलीज़ करने की प्रक्रिया तकनीकी कारणों या कोषालय स्तर की प्रक्रियाओं में देरी के चलते अटकी हो सकती है। हालांकि, अधिकारी अनौपचारिक तौर पर यह संकेत दे रहे हैं कि राशि जल्द ही जारी कर दी जाएगी, संभवतः 18 अप्रैल से पहले।
लाड़ली बहना योजना क्या है?
मध्यप्रदेश सरकार की लाड़ली बहना योजना का उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में सहायता देना है। इसके अंतर्गत पात्र महिलाओं को हर माह ₹1250 की राशि उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है। इस योजना से प्रदेश की 1.31 करोड़ से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं।