A2Z सभी खबर सभी जिले कीTechnologyअन्य खबरेझारखंड

झारखंड में कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर भाजपा का हल्ला बोल प्रखण्ड स्तरीय आक्रोश प्रदर्शन किया।।

झारखंड में कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर भाजपा का हल्ला बोल प्रखण्ड स्तरीय आक्रोश प्रदर्शन किया।।

हेमंत सरकार को निशाने पर लेते हुए सरकार को निकम्मी सरकार के  नारे लगाए

संवाददाता/राशीद अंसारी खलारी 

खलारी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की खलारी मंडल इकाई ने झारखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था, बेलगाम भ्रष्टाचार और सरकारी योजनाओं की विफलता के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार गंझू के नेतृत्व में मंगलवार को रांची उपायुक्त के नाम खलारी अंचलाधिकारी प्रणव अंबष्ठ को सौंपे गए एक ज्ञापन में हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर हमला बोला गया, जिसमें राज्य की मौजूदा बदहाली के लिए उसे सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया गया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि आज पूरा झारखंड ध्वस्त विधि व्यवस्था, गहरे भ्रष्टाचार, लूटपाट, हत्या और बलात्कार जैसी समस्याओं से जूझ रहा है और रांची जिला भी इससे अछूता नहीं है। भाजपा का आरोप है कि बड़े-बड़े वादे करके सत्ता में आई हेमंत सरकार की नीतियों और नियत में कोई बदलाव नहीं आया है। भाजपा ने राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को चिंताजनक बताया है। ज्ञापन में कहा गया है कि हत्या और लूट जैसी घटनाएं आम हो चुकी हैं, जहाँ अपराधी बिना किसी डर के वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। महिलाएं और बेटियाँ घर से बाहर निकलने में डर महसूस करती हैं, और बलात्कार व सामूहिक बलात्कार की घटनाएं राज्य की चरमराती विधि व्यवस्था को दर्शाती हैं। पार्टी ने हेमंत सरकार पर अपने पिछले कार्यकाल की तरह ही दूसरे कार्यकाल में भी खनिज संसाधनों की लूट और पंचायत से लेकर सचिवालय तक भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की दुर्दशा पर भी भाजपा ने प्रकाश डाला है: विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी है। अस्पतालों में डॉक्टरों और जीवन रक्षक दवाइयों का अभाव है। ऑक्सीजन और एम्बुलेंस की कमी के कारण गरीब लोग इलाज के अभाव में मरने को मजबूर हैं। आयुष्मान भारत योजना को लगभग ठप कर दिया गया है, जिसके परिणामस्वरूप कई अस्पतालों ने बकाया भुगतान न होने के कारण मरीजों को भर्ती करना बंद कर दिया है। भाजपा ने हेमंत सरकार पर स्थानीय नीति, नियोजन नीति और भाषा विवाद में राज्य को उलझाने का आरोप लगाया है। नगर निकाय चुनाव न होने के कारण शहरी क्षेत्रों में कोई जनप्रतिनिधि नहीं है, जिससे अधिकारी मनमानी कर रहे हैं और जनता की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ज्ञापन में कई अन्य गंभीर मुद्दे भी उठाए गए हैं: वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन का भुगतान महीनों से लंबित है। मईया सम्मान राशि के नाम पर हजारों महिलाओं के साथ धोखाधड़ी हुई है।  धान खरीद के नाम पर किसानों को ठगा गया है; उन्हें वादे से कम कीमत पर धान खरीदने के बाद भी अब तक भुगतान नहीं मिला है, जबकि खेती का समय फिर से आ गया है।जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र और जमीन के म्यूटेशन जैसे कार्यों के लिए दलालों और बिचौलियों को पैसे दिए बिना काम नहीं होता। भ्रष्टाचार के कारण सड़क, बिजली, पानी और प्रधानमंत्री आवास जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का काम रुका हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें मरम्मत के अभाव में जर्जर हो रही हैं। गरीब कल्याण की अन्न योजना में भी बड़े पैमाने पर लूट मची है, और आंगनवाड़ी केंद्रों में केवल खानापूर्ति हो रही है। भाजपा ने एक सशक्त विपक्ष के रूप में राज्य की दुर्दशा को चुपचाप न देखते रहने की बात दोहराई है। पार्टी ने हेमंत सरकार को अपनी कार्य संस्कृति में सुधार लाने, राज्य से भय और भ्रष्टाचार को खत्म करने और अपने वादों को पूरा करते हुए लोक कल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर उतारने की चेतावनी दी है। पार्टी ने निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखी हैं: कानून व्यवस्था को दुरुस्त कर आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। अपराध वाले थाना क्षेत्रों में संबंधित थानेदारों को जवाबदेह ठहराया जाए। किसानों के धान खरीद का बकाया भुगतान तुरंत किया जाए। किसानों के लिए खाद और बीज की व्यवस्था बिना कालाबाजारी के सुनिश्चित हो। जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, राशन कार्ड आदि बनवाने की प्रक्रिया भ्रष्टाचार और बिचौलिया मुक्त हो, और प्रमाणपत्र तय समय-सीमा के भीतर जारी किए जाएं। अधिसूचित क्षेत्रों में पेसा नियमावली लागू की जाए। आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण युक्त सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित हो। वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन का तुरंत भुगतान किया जाए।विद्यालयों में शिक्षकों और अस्पतालों में चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरा जाए। प्रखंड के सभी विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करते हुए भाषावार शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।अस्पतालों में दवाई, ऑक्सीजन, एम्बुलेंस और टीकाकरण की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित हो। ग्रामीण क्षेत्रों के 10 बेड वाले अस्पतालों को आयुष्मान योजना से जोड़ा जाए। जर्जर सड़कों और सरकारी भवनों की मरम्मत और जीर्णोद्धार शीघ्र कराया जाए।बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को चिन्हित कर राज्य से बाहर भेजना सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर पार्टी के मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार गंझू, प्रदेश मंत्री मनोज कुमार महतो, राम सूरत यादव, तुलसी मुंडा, अभिषेक कुमार चौहान, नागदेव सिंह, रितेश कुमार केशरी, आलोक कुमार सिंह, संतोष प्रजापति, विकास कुमार सिंह, भरत रजक, कुलदीप लोहारा, आनन्द सिंह, संजीता देवी, ममता केशरी, नीरा देवी, सुनीता देवी, सुलेखा देवी, काजल कुमारी, सीता देवी, सरोज देवी, सरोजनी देवी, नेहा कुमारी, सोनी देवी सहित अनेकों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Back to top button
error: Content is protected !!