
हरियाणा के झज्जर के बहादुरगढ़ में बाईपास पर बालोर गांव के खेतों में अवैध रूप से बनाई गई पीवीसी मार्केट में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते यहां करीब 45 गोदाम आग की चपेट में आ गए। लाखों रुपए का माल स्वाहा हो गया। इतना ही नहीं यहां रहने वाले मजदूरों का रोजमर्रा का सामान भी जलकर कर राख हो गया। फिलहाल आग पूरी तरह से भड़की हुई है। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर आग पर काबू पाने के प्रयास में लगी हैं।
अचानक यहां आग लग गई। हवा के साथ आग तेजी से फैलती चली गई। यहां मौजूद बिहार मूल के परिवारों ने अपनी झुग्गियों से भाग कर अपनी जान बचाई। जब तक फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचती, आग पूरी तरह से भड़क चुकी थी। आसमान में काला धुआं छा गया। आग के बीच धमाके भी हुए। दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। बता दें कि बहादुरगढ इलाके में पहले भी कई बार अवैध पीवीसी मार्केट में आग लग चुकी है। अधिकारियों द्वारा लगातार इन मार्केट को हटाने के दावे किए जाते रहे हैं लेकिन ये दावे हवा हवाई साबित हो रहे हैं।








