
नरवाना के विकास को मिलेगी नई रफ्तार — 46 करोड़ के विकास कार्यों पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने किया मंथन
नई सड़कें, अस्पताल, बस अड्डा और नगर परिषद भवन सहित कई बड़ी परियोजनाएं जल्द होंगी साकार
नरवाना, 09 मई। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि नरवाना शहर को सुंदर, सुरक्षित और विकसित बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। शहर के समग्र विकास के लिए रोडमैप तैयार कर लिया गया है और आने वाले समय में विकास परियोजनाओं के पूरा होने से नरवाना तरक्की की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कैबिनेट मंत्री ने नगर परिषद के अंतर्गत मंजूर विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि हाल ही में नगर परिषद की हाउस बैठक में 46 करोड़ 06 लाख रुपये का वार्षिक बजट पास किया गया है, जिसके तहत नगर परिषद के नए भवन का निर्माण, भगत सिंह चौक से रेलवे स्टेशन तक मुख्य सड़क का सुदृढ़ीकरण, शहर के नालों की सफाई एवं मरम्मत सहित कई अहम विकास कार्य किए जाएंगे।
कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि नागरिक अस्पताल की नई बिल्डिंग, 100 बेड क्षमता विस्तार, नए बस अड्डे का निर्माण और लोक निर्माण भवन जैसी परियोजनाएं क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य, यातायात और आधारभूत सुविधाएं प्रदान करेंगी।
बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री ने सफाई कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनका मांग पत्र लिया और आश्वासन दिया कि उनकी जायज मांगों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष रखकर जल्द समाधान करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपने सफाई कर्मचारियों को स्वच्छता का प्रहरी मानती है और उनके योगदान पर गर्व करती है। साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा सामाजिक भत्तों को हर माह समय पर लाभार्थियों के खातों में पहुंचाने की प्रतिबद्धता को निभाया जा रहा है।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला नगरायुक्त प्रदीप कुमार, ईओ रविन्द्र कोहाड़, उप चेयरमैन शशिकांत शर्मा सहित कैबनिट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी के निजी सचिव मनोज कुमार,मीडिया सलाहकार संजय बल्हारा, जसबीर नैन व कई अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।