
(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार,9 मई 2026।बहादराबाद में ATM फ्रॉड की बढ़ती घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 17 संदिग्ध ATM कार्ड, दो मोबाइल फोन, ₹900 नकद और बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में ATM ठगी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली बहादराबाद पुलिस को क्षेत्र में सक्रिय ATM फ्रॉड गिरोह के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।पुलिस के अनुसार, 8 मई 2026 को उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज पुलिस टीम के साथ SBI ATM बूथ, पीपल चौक के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। तभी बिना नंबर प्लेट की काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बाइक फिसल गई और दोनों आरोपी झाड़ियों की ओर भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।पूछताछ में पहले आरोपी ने अपना नाम शिवा उर्फ शिव पुत्र राजेश निवासी फेरुपुर महाराणा प्रताप कॉलोनी, थाना पथरी बताया। उसके कब्जे से 10 ATM कार्ड, एक मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई। दूसरे आरोपी मधुसूदन उर्फ मनोज पुत्र चरण सिंह निवासी गढ़मीरपुर, थाना रानीपुर के पास से 7 ATM कार्ड, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई।सख्ती से पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ATM बूथों के आसपास रेकी कर बुजुर्गों, महिलाओं और कम पढ़े-लिखे लोगों को मदद के बहाने निशाना बनाते थे। आरोपी लोगों का ATM कार्ड बदलकर बाद में उनके खातों से रकम निकाल लेते थे। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी पूर्व में भी ATM फ्रॉड के मामलों में जेल जा चुके हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली बहादराबाद में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।बरामदगी
17 संदिग्ध ATM कार्ड
घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल
2 मोबाइल फोन
₹900 नकद
पुलिस टीम में
प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह
उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज
कांस्टेबल बिरेन्द्र सिंह
कांस्टेबल मुकेश नेगी
कांस्टेबल नितुल यादव।
