
*डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती पर श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम आयोजित*
*सांसद पी.पी. चौधरी ने प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की*
पाली, 14 अप्रैल। भारत रत्न संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर पाली जिला मुख्यालय स्थित अम्बेडकर सर्किल पर मंगलवार को श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सांसद पी.पी. चौधरी एवं जिला कलेक्टर द्वारा बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, पूर्व सभापति महेन्द्र बोहरा, जनप्रतिनिधि सुनील भण्डारी, राकेश पंवार त्रिलोक चौधरी एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी पुष्प अर्पित की।
*संविधान शपथ कार्यक्रम आयोजित*
जयंती के अवसर पर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कलेक्टर द्वारा बाबा साहेब के फोटो पर माल्यार्पण कर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया गया तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई गई। जिसमें उन्होंने देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता बनाए रखने तथा संविधान के प्रति निष्ठा रखने का संकल्प लिया। इस पहल का उद्देश्य आमजन में संवैधानिक मूल्यों, अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
*राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित*
बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में दिनांक 14 अप्रैल को जयपुर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पाली जिले के दिनेश कुमार पंवार (निवासी 818, बापू नगर विस्तार, पाली) को राज्य स्तरीय अम्बेडकर सामाजिक सेवा पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम से पाली जिले के जनप्रतिनिधि टू-वे वीसी के माध्यम से जुड़े। वर्चुअल सहभागिता के तहत सांसद पी.पी. चौधरी, जनप्रतिनिधि सुनील भंडारी एवं राकेश पंवार ने कार्यक्रम में भाग लिया।
जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला स्तरीय सामाजिक सेवा पुरस्कार से तोला राम (निवासी खोड़, रानी) एवं धन्ना राम (निवासी मादड़ी, पाली) को सम्मानित किया गया। साथ ही जिला स्तरीय अम्बेडकर सामाजिक न्याय पुरस्कार अरिहंत चौपड़ा (निवासी न्यू हाउसिंग बोर्ड, पाली) को प्रदान किया गया।सम्मानित व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र जिला कलेक्टर ने दिए।






