
सिद्धार्थनगर में प्रशासन ने फागू शाह बाबा की मजार को ध्वस्त कर दिया। मजार का निर्माण पशुचर भूमि पर अवैध रूप से किया गया था। इसे हटाने की कार्रवाई एडीएम गौरव श्रीवास्तव और एएसपी प्रशांत कुमार की अगुवाई में की गई। मामला डुमरियागंज के बदलिया गांव का है।

कार्रवाई के दौरान एसडीएम डुमरियागंज राजेश कुमार, सीओ बृजेश वर्मा, आरएएफ, पीएसी और कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात रही। सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र को पूरीतरह सील कर धारा 144 लागू कर दी गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा।
कार्रवाई शांतिपूर्ण, नहीं हुआ कोई विरोध
प्रशासन की सख्ती के बावजूद क्षेत्र में न तो कोई विरोधप्रदर्शन हुआ और न ही किसी प्रकार की झड़प की सूचना मिली। मजार को गिराने की प्रक्रिया कुछ ही घंटों में शांतिपूर्ण ढंग से पूरी कर ली गई। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ऐसे सभी निर्माणों को चिन्हित कर चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।




