उत्तर प्रदेशबस्ती

फर्जी मजदूर और तस्वीरों से हो रहा भुगतान, प्रधान का बेटा बना रोजगार सेवक

अजीत मिश्रा (खोजी)

।। बस्ती में मनरेगा में लाखों का घोटाला:फर्जी मजदूर और तस्वीरों से हो रहा भुगतान, प्रधान का बेटा बना रोजगार सेवक।।

कुदरहा बस्ती

बस्ती के कुदरहा विकासखंड की अकेला कुबेरपुर ग्राम सभा में मनरेगा घोटाले का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने गुरुवार को जिलाधिकारी को शपथ पत्र के साथ शिकायत की है।

ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम प्रधान, ग्राम रोजगार सेवक, ग्राम विकास अधिकारी और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मिलकर मनरेगा के कई लाख रुपये का गबन कर रहे हैं। ग्राम सभा में रोजाना 100 से 280 मजदूरों की फर्जी हाजिरी लगाई जा रही है। वास्तव में इतने मजदूर काम पर नहीं आते हैं।

मनरेगा कार्यों के मास्टर रोल में लगी 80-90 फीसदी तस्वीरें फर्जी पाई गई हैं। इन तस्वीरों के जरिए कागजी कार्रवाई कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है।

नियमों का उल्लंघन करते हुए वर्तमान ग्राम रोजगार सेवक राहुल यादव, ग्राम प्रधान मनीराम यादव के पुत्र हैं। नियमों के मुताबिक ग्राम प्रधान का कोई रिश्तेदार रोजगार सेवक नहीं बन सकता। इस मामले की शिकायत कई बार की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों का आरोप है कि पहले की शिकायतें जांच अधिकारियों ने दबा दीं। उन्होंने उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने मुख्य विकास अधिकारी को जांच टीम बनाने का निर्देश दिया है।

ग्राम प्रधान मनीराम यादव ने कहा कि ऐसे आरोप लगते रहते हैं, शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट नहीं कर पाएंगे। वहीं रोजगार सेवक राहुल यादव ने कहा कि वह कुछ नहीं जानते और न ही कुछ बता पाएंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!