A2Z सभी खबर सभी जिले कीउत्तर प्रदेश

फिरोजाबाद सीजेएम कोर्ट में महिला का आत्मदाह प्रयास पुलिस की सतर्कता से बची जान; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

फिरोजाबाद सीजेएम कोर्ट में महिला का आत्मदाह प्रयास पुलिस की सतर्कता से बची जान; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

फिरोजाबाद। सीजेएम न्यायालय परिसर में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने प्रॉपर्टी विवाद से परेशान होकर आत्मदाह का प्रयास कर दिया। मथुरा नगर निवासी पूनम ने अदालत परिसर में अपने ऊपर मिट्टी का तेल उड़ेल लिया था। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया और बड़ा हादसा होने से टाल दिया।

एएसपी नगर रविशंकर प्रसाद ने बताया कि पूनम ने अपने सास-ससुर, पति अमित सहित अन्य पर संपत्ति हड़पने और प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। इसी संबंध में उसने 21 सितंबर 2025 को थाना उत्तर में मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें नामजद आरोपियों—सास, ससुर और पति—को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

मंगलवार को इसी प्रकरण में उसके पति की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी होनी थी। तभी पूनम अचानक मिट्टी का तेल निकालकर खुद को आग लगाने की कोशिश करने लगी। पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और उसे सुरक्षित हिरासत में ले लिया।

घटना के बाद थाना मटसेना पुलिस ने महिला से पूछताछ शुरू कर दी है। एएसपी नगर के अनुसार, मामले में आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है और घटना के पीछे की परिस्थितियों की गहन जांच की जा रही है।

अचानक हुई इस कोशिश से कोर्ट परिसर में मौजूद वकीलों, वादकारियों और पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। मामले के शांत होने के बाद स्थिति सामान्य हुई, लेकिन इस घटनाक्रम ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!