
बैरिया-बलिया। जनपद के बैरिया स्थित बाबा लक्ष्मण दास इंटर कॉलेज का प्रांगण उस समय उत्साह, उमंग और नई संभावनाओं की चमक से आलोकित हो उठा, जब आईआरटीएस, रेल मंत्रालय के प्रखर अधिकारी निर्भय नारायण सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित विशाल रोजगार मेले ने युवाओं के सपनों को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक अध्याय लिख दिया।इस भव्य आयोजन में देश की प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी Mathorson Sumi System Ltd. की सक्रिय भागीदारी ने इसे और अधिक गरिमा प्रदान की। रोजगार की आस लेकर पहुंचे युवाओं का जनसैलाब इस बात का साक्षी बना कि यदि दिशा सही हो, तो मंजिल दूर नहीं होती।मेले में कुल 944 अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक पंजीकरण कराया, जिनमें से चयन प्रक्रिया की कठोर कसौटी पर खरे उतरते हुए 454 युवाओं ने सफलता का परचम लहराया। वहीं 400 अभ्यर्थियों को ‘होल्ड’ श्रेणी में रखकर उनके भविष्य के द्वार भी खुले रखे गए हैं, जबकि 90 अभ्यर्थी इस बार सफलता से चूक गए।कार्यक्रम के दौरान युवाओं के चेहरे पर झलकती आशा, आत्मविश्वास और नई ऊर्जा ने पूरे वातावरण को प्रेरणादायी बना दिया। अपने ओजस्वी संबोधन में निर्भय नारायण सिंह ने युवाओं को आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर होने का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने ऐसे आयोजनों को रोजगार सृजन की दिशा में मील का पत्थर बताया।
विद्यालय प्रशासन एवं आयोजन समिति ने इस अभूतपूर्व सफलता के लिए सभी सहयोगियों, प्रतिभागियों और कंपनी प्रतिनिधियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। यह रोजगार मेला न केवल सैकड़ों युवाओं के जीवन में परिवर्तन का माध्यम बना, बल्कि क्षेत्र में आशा और संभावनाओं की नई किरण भी बनकर उभरा।





