

सीकर. नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे के तहत श्रीमाधोपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भारणी स्थित अपने आवास पर आमजन की जनसुनवाई की। जनसुनवाई में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने हिस्सा लिया और राज्य मंत्री खर्रा के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। जनसुनवाई कार्यक्रम में श्रीमाधोपुर एसडीएम अनिल कुमार, तहसीलदार जगदीश प्रसाद बैरवा, पंचायत समिति विकास अधिकारी सुनिल ढाका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने मौके पर ही अधिकारियों से शिकायतों का संज्ञान लेने और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता द्वारा रखी गई मुख्य समस्याओं में पेयजल संकट, सड़क निर्माण, विद्युत आपूर्ति,चिकित्सा सेवाओं व राजकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिलना जैसी मुद्दे प्रमुख रहे।
यूडीएच मंत्री झाबरसिंह खर्रा ने प्रत्येक मुद्दे को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को तुरंत कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर जनसमस्याओं के समाधान की प्रगति पर चर्चा की और कहा कि राज्य सरकार की योजनाएं आमजन तक पहुंचे और धरातल पर उनका क्रियान्वयन हो, यह हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ग के हित में कार्य कर रही है और अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को पूरी तत्परता से निभाएं।






