

राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव 2025 के पांचवें दिन बासुकीनाथधाम आस्था और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया। “बोल बम” और “हर हर महादेव” के जयघोष से संपूर्ण मेला क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।सुबह से ही श्रद्धालुओं का बाबा बासुकीनाथधाम में जलार्पण हेतु तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने शिवगंगा में स्नान कर, अर्घा के माध्यम से बाबा को जल अर्पित किया।
मेला की व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूर्णतः सक्रिय और सतर्क रहा। उपायुक्त श्री अभिजीत सिन्हा ने स्वयं विभिन्न रूटलाइन का औचक निरीक्षण किया एवं प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अपने कर्तव्यों के निर्वहन में पूरी तत्परता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि श्रद्धालुओं को बिना किसी असुविधा के जलार्पण करने दिया जाए।
श्रद्धालुओं की सुगमता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक सुरक्षा बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी। जवानों ने श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देने, कतारबद्ध रखने और जलार्पण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई।
श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेला क्षेत्र में स्थापित सभी स्वास्थ्य शिविरों में डॉक्टरों की टीमें पूरी सक्रियता से उपस्थित रहीं। प्राथमिक उपचार से लेकर आवश्यक चिकित्सा सहायता श्रद्धालुओं को तुरंत उपलब्ध कराई जा रही है।
उपायुक्त श्री अभिजीत सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक श्री पीतांबर सिंह खेरवार मेला कंट्रोल रूम से लगातार पूरे क्षेत्र की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी कर रहे थे। कंट्रोल रूम से मिले इनपुट के आधार पर विभिन्न अधिकारियों को समय-समय पर दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
प्रशासन की चौकसी, सुरक्षा बलों की मुस्तैदी, स्वास्थ्य सेवाओं की तत्परता और श्रद्धालुओं की आस्था ने मिलकर राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव 2025 के पांचवें दिन को सफल और अनुकरणीय बना दिया।







